यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खजाना खोजने के बजाये कालाधन लाए सरकार: मोदी
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के छोटे से गांव डौंडियाखेड़ा में खजाने की खोज पर भाजपा ...और पढ़ें

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के छोटे से गांव डौंडियाखेड़ा में खजाने की खोज पर भाजपा के पीएम पद उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार की तगड़ी चुटकी ली है। मोदी ने शुक्रवार को चेन्नई में कहा, एक सपने पर खजाने की खुदाई में जुटी केंद्र सरकार पूरी दुनिया में जगहंसाई करा रही है। बेहतर हो कि स्विट्जरलैंड के बैंकों में जमा काला धन निकाल लाए, तो वह इस सपने के धन से ज्यादा होगा। वहीं, कांग्रेस ने मोदी पर पलटवार किया कि खुदाई सपने के आधार पर नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अध्ययन के बाद हो रही है।
विदेशी मीडिया में फिलहाल डौंडियाखेड़ा में खजाने की खुदाई का मुद्दा छाया हुआ है। चुटकुले चल रहे हैं,मजाक भी उड़ाया जा रहा है कि एक संत के सपने के आधार पर भारत सरकार ने एक हजार टन गड़े सोने को निकालने के लिए खुदाई शुरू करा दी है। इसी पर मोदी ने चेन्नई जाकर केंद्र सरकार पर हमला बोला साथ ही काले धन का मुद्दा भी उठा दिया। मोदी ने कहा,जिस तरह सोने के खजाने का दावा किया जा रहा है और सरकार ने भी खुदाई के लिए लोगों को भेज दिया, इस बात पर पूरी दुनिया मजाक उड़ा रही है। अगर हिंदुस्तान की सरकार स्विटजरलैंड के बैंक में लुटेरों ने जो धन छिपा रखा है, उन्हें वापस ले आए तो 1000 टन सोना खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने हाल ही में आए समुद्री तूफान का जिक्र करते हुए कहा, फेलिन की वजह बदलाव का तूफान है, पूरे देश में परिवर्तन की छटपाहट है। हालांकि फेलिन से ओडिशा,आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल व बिहार में वैसी तबाही नहीं मची जैसी आशंका थी, लेकिन देश के लोग बदलाव और कांग्रेस मुक्त भारत की लहरों को महसूस कर रहे हैं। मोदी चेन्नई प्रवास के दौरान नानी पालिकावाला संस्थान में व्याख्यान देने के साथ ही अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पत्रकार अरुण शौरी की किताब का लोकार्पण भी करेंगे।
वहीं मोदी के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता रेणुका चौधरी ने तुरंत पलटवार किया। खुदाई का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, मोदी की यही सबसे बड़ी समस्या है कि वो बिना होमवर्क के कुछ भी बोल देते हैं। पहले इस इलाके का जीएसआई ने सर्वे किया और पता चला कि यहां कोई मेटल है, लेकिन ये सोना है या कुछ और ये तो खुदाई के बाद ही पता चलेगा। सरकार का कदम राष्ट्रहित में है और इससे कोई नुकसान नहीं है। रेणुका ने कहा, अगर मोदी को ब्लैक मनी की इतनी ही जानकारी है तो हम उसकी भी खुदाई करके उन्हें दे देंगे। ध्यान रहे कि कांग्रेस के मंत्री चरणदास महंत उन लोगों में प्रमुख थे, जिनके आग्रह पर यह पूरी कार्रवाई शुरू हुई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
