यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 25, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'मन की बात' में बोले पीएम, छोटी नौकरियों में खत्म होगा इंटरव्यू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' कार्यक्रम में आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने ...और पढ़ें

नई दिल्ली (ब्यूरो)। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद लालकिले से दिए अपने पहले भाषण में किया एक वादा रविवार को पूरा कर दिया। नौकरियों में भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए मोदी ने एलान किया कि केंद्र सरकार की ग्रुप डी, ग्रुप सी और ग्रुप बी की अराजपत्रित नौकरियों के लिए युवाओं को इंटरव्यू नहीं देना होगा। एक जनवरी, 2016 से नया नियम लागू हो जाएगा।
जदयू ने इस घोषणा को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताया है। प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने सारी प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन अभी जहां-जहां भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, उसमें कोई रुकावट नहीं आएगी। बताते चलें कि गृह मंत्रालय पहले ही दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर की भर्ती में साक्षात्कार को खत्म कर चुका है। पिछले हफ्ते गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने इससे संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए थे। गृह मंत्रालय इसे सभी अर्द्धसैनिक बलों में लागू करने पर विचार कर रहा है।
दलाल हड़पते हैं रुपए
छोटी नौकरियों की साक्षात्कार प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ जगहों पर भ्रष्टाचार घर कर गया है। छोटी नौकरियों के अधिकतर आवेदन गरीब परिवार के लड़के करते हैं। लेकिन जब वे इसके लिए जाते हैं तो सिफारिश के लिए पता नहीं कितनी मुश्किलें उठानी पड़ती हैं। उनकी इस मजबूरी का फायदा वहां सक्रिय दलालों की टोली उठाती है। वह आवेदकों से रुपए हड़प लेती है। नौकरी मिले तो भी रुपए जाते हैं, नौकरी न मिले तो भी रुपए जाते हैं। गरीब आदमी को इस दुष्चक्र से निकालने के लिए साक्षात्कार की पूरी प्रक्रिया ही खत्म कर दी गई है। साक्षात्कार की जरूरत पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में किसी ऐसे मनोवैज्ञानिक के बारे में नहीं सुना है, जो एक-दो मिनट के साक्षात्कार में किसी आदमी के पूरे व्यक्तित्व को परख लेता हो।
पढ़ेंः मोदी के मन को छू गया जागरण का स्वच्छता अभियान
तरक्की के लिए एकता जरूरी
हाल में सांप्रदायिक और जातीय हिंसा की घटनाओं की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि तरक्की के लिए शांति, सद्भावना और एकता जरूरी है।
दिवाली पर तीन गोल्ड स्कीम
मोदी ने बताया कि दिवाली पर सोने की तीन स्कीमें शुरू की जा रही हैं। ये हैं-स्वर्ण मौद्रिकीकरण स्कीम, गोल्ड बॉण्ड स्कीम और अशोक चक्र अंकित सोने के सिक्के। उन्होंने कहा कि हमारे देश में सोना सुरक्षा व परंपरा का हिस्सा है। लेकिन इस युग में इसे डेड मनी के रूप में नहीं रखा जा सकता। सोना आर्थिक ताकत बन सकता है। 2.5 लाख किडनी, हार्ट, लिवर चाहिए
मोदी ने देश में अंगदान ब़़ढाने पर जोर दिया और बताया कि हर साल 2.5 लाख किडनी, हार्ट और लिवर की जरूरत पड़ती है। जबकि साल में सिर्फ 5 हजार प्रत्यारोपण ही हो पाते हैं। हर साल 1 लाख आंखें चाहिए, लेकिन 25 हजार ही मिल पाती हैं। जो लोग सड़क दुर्घटना में मर जाते हैं, उनके अंगदान किए जा सकते हैं। तमिलनाडु इसमें आगे हैं।
