यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुस्लिमों को नौकरियों में आरक्षण देने की तैयारी कर रहा महाराष्ट्र
मुस्लिम वोटबैंक पक्का करने के लिए महाराष्ट्र की कांग्रेसनीत सरकार उन्हें सरकारी-अर्द्धसरकारी नौकरियों में शिक्षा में आरक्षण का प्रावधान कर सकती है। सरकार ये व्यवस्था उस महमूदुर्रहमान कमेटी की सिफारिशों के आधार पर कर सकती है, जो कल मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण को सौंपी गई है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व उपकुलपति

मुंबई [जासं]। मुस्लिम वोटबैंक पक्का करने के लिए महाराष्ट्र की कांग्रेसनीत सरकार उन्हें सरकारी-अर्द्धसरकारी नौकरियों में शिक्षा में आरक्षण का प्रावधान कर सकती है। सरकार ये व्यवस्था उस महमूदुर्रहमान कमेटी की सिफारिशों के आधार पर कर सकती है, जो कल मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण को सौंपी गई है।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व उपकुलपति डॉ.महमूदुर्रहमान की अध्यक्षता में राज्य में मुस्लिम समाज की स्थिति का अध्ययन करने के लिए एक समिति का गठन 2008 में किया गया था। इस समिति ने अपनी रिपोर्ट सोमवार को मुख्यमंत्री को सौंप दी है। समिति ने आर्थिक रूप से पिछड़े मुस्लिमों को सरकारी एवं अर्द्धसरकारी नौकरियों में आठ फीसद आरक्षण सहित कई और सुविधाएं देने की सिफारिश की है। राज्य के अल्पसंख्यक विकास मंत्री मोहम्मद आरिफ नसीम खान के मुताबिक सरकार इस समिति की रिपोर्ट का अध्ययन करेगी। उसके बाद पिछड़े मुस्लिमों की सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक स्थिति सुधारने में इस सिफारिश के जो भी अंश कारगर होंगे उन्हें लागू किया जाएगा। खान कहते हैं कि सच्चर समिति की सिफारिशों पर भी महाराष्ट्र में सर्वाधिक अमल किया जा रहा है। कुछ सप्ताह पहले ही महाराष्ट्र में मदरसों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। महाराष्ट्र से पहले कुछ और राज्यों में भी मुस्लिमों को नौकरियों में आरक्षण देने की पहल की जा चुकी है। लेकिन इन राज्यों को कोर्ट में चुनौतियों का सामना भी करना पड़ा है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सरकारी नौकरियों में मुस्लिम समाज का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय लोकसेवा आयोग, महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गई है। माना जा रहा है कि महमूदुर्रहमान समिति ने आवासीय परिसरों में भी मुस्लिमों के लिए आरक्षण का प्रावधान करने की सिफारिश की है। ये सिफारिशें राज्य मंत्रिमंडल के सामने रखी जाएंगी। मंत्रिमंडल इनमें से जिन सिफारिशों को मान्यता देगा, उन्हें सरकार जल्द से जल्द लागू करने की व्यवस्था करेगी। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी ये सिफारिशें लोकसभा चुनाव से पहले लागू करवाने का दबाव बनाएगी। ताकि पार्टी को इसका लाभ लोकसभा चुनाव के साथ-साथ छह माह बाद होनेवाले विधानसभा चुनाव में भी मिल सके।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर