विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सेना को बड़ी सफलता, अमरनाथ हमले में शामिल लश्कर आतंकी अबू इस्माइल ढेर

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Thu, 14 Sep 2017 05:27 PM (IST)Updated: Thu, 14 Sep 2017 09:46 PM (IST)

एनकाउंटर में अबु इस्माइल के साथ एक और आतंकी मारा गया है। दूसरे आतंकी की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

सेना को बड़ी सफलता, अमरनाथ हमले में शामिल लश्कर आतंकी अबू इस्माइल ढेर
सेना को बड़ी सफलता, अमरनाथ हमले में शामिल लश्कर आतंकी अबू इस्माइल ढेर

श्रीनगर, जेएनएन। सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के नौगाम क्षेत्र में गुरुवार को लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर अबू इस्माइल और एक अन्य पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया। वह इस साल जुलाई में गुजरात के अमरनाथ यात्रियों की बस पर हमला करने का मास्टरमाइंड था।

सुरक्षाबलों को दोनों आतंकियों के श्रीनगर के पास आरीगाम (नौगाम) में छिपे होने की सूचना मिली थी। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी कर दी। मुठभेड़ में दोनों पाकिस्तानी आतंकी मारे गए।

10 जुलाई को किया था हमला

गत 10 जुलाई को आतंकियों ने गुजरात के अमरनाथ यात्रियों की बस पर अनंतनाग जिले में हमला किया था। इसमें आठ तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी और 13 अन्य घायल हो गए थे।

10 लाख रुपये का था इनाम

कई दिनों से अबू इस्माइल की तलाश चल रही थी। बटमालु और आसपास के इलाकों में मौजूदगी की सूचना पर कई स्थानों पर छापेमारी भी की गई थी। अबू दुजाना के मारे जाने के बाद अबू इस्माइल को लश्कर कमांडर बनाया गया था। इस्माइल पर 10 लाख रुपये का इनाम था। 24 वर्ष का इस्माइल पाकिस्तान का नागरिक था और दो वर्ष पहले दक्षिण कश्मीर में घुसपैठिए के तौर पर दाखिल हुआ था। अबू को कश्मीर में अति सक्रिय हिज्बुल मुजाहिदीन के कई नेताओं का नजदीकी माना जाता था।

हिज्बुल के दो मददगार गिरफ्तार

उत्तरी कश्मीर में आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन को मदद करने वाले दो संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्करों वाहिद अहमद बट और मोहम्मद शफी मीर को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा बलों ने दोनों को कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा इलाके से पकड़ा है।