बांग्लादेश से कल स्वदेश लौटेगा सोनू , छह साल पहले दिल्ली से हुआ था अपहृत
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार को कहा कि ढाका में भारतीय उच्चायोग ने सोनू को अपनी हिफाजत में ले लिया है।
नई दिल्ली (प्रेट्र)। छह साल पहले दिल्ली से अपहृत हुआ 12 साल का बच्चा सोनू अब जाकर बांग्लादेश में मिल गया है। केंद्र सरकार ने उसे वापस लाने की व्यवस्था कर ली है। वह गुरुवार को दिल्ली पहुंचकर अपने बिछड़े परिवार से मिलेगा।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार को कहा कि ढाका में भारतीय उच्चायोग ने सोनू को अपनी हिफाजत में ले लिया है। वह बांग्लादेश के शेल्टर होम में मिला था। सोनू के डीएनए को उसकी मां के डीएनए से मिलाकर देखा गया है। रिपोर्ट सकारात्मक रही।
स्वराज ने कई ट्वीट करके बताया कि सोनू दिल्ली 30 जून को पहुंचेगा। बताया जा रहा है कि सोनू बांग्लादेश के जैसोर स्थित बाल पुर्नवास केंद्र में मिला था। उसे 2010 में दिल्ली से अपहृत किया गया था। हाल ही में जैसोर से एक व्यक्ति ने सोनू के परिवार से संपर्क कर उसके माता-पिता से बात की थी। तब जाकर विदेश मंत्रालय ने बालक की सुरक्षा और उसे छुड़ाने के लिए विदेश मंत्रालय से बात की। विदेश मंत्रालय के इस रुख से बच्चे को बचाने में मदद मिली। स्वराज ने ट्वीट कर उन सभी लोगों को धन्यवाद किया है जिन्होंने नन्हें भारतीय नागरिक का बांग्लादेश में ख्याल रखा।