यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 20, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
50 कुत्तों का एक साथ 65 साल की बुजुर्ग महिला पर अटैक, नोचकर ली जान
तिरूवनंतपुर में करीब 50 आवारा कुत्तों ने शुक्रवार की रात को एक बुजुर्ग महिला के ऊपर धावा बोल दिया और उसकी जान ले ली।

तिरुवनंतपुरम, प्रेट्र : केरल में आवारा कुत्तों का आतंक जारी है। राज्य की राजधानी के समीप कांजिराकुलम में बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों ने धावा बोल कर 65 वर्ष की एक महिला की जान ले ली। तटवर्ती इलाके की रहने वाली महिला सिलुवम्मा के परिवार के लोगों ने बताया कि पुल्लुविला बीच पर बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों ने धावा बोल दिया।
कुत्तों ने पूरे शरीर को नोच डाला और अस्पताल के रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। बचाने दौड़े स्थानीय लोगों को भी कुत्तों ने खदेड़ दिया था। महिला के बेटे सेल्वन ने अपनी मां को बचाने का प्रयास किया और कुत्तों के हमला करने पर समुद्र में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।सेल्वन ने बताया, 'मेरी मां रात में बीच पर गई थी। जब वह नहीं लौटी तब मैं उसकी तलाश में गया।
मैंने देखा उनपर 100 से ज्यादा आवारा कुत्तों ने हमला कर रखा था। उनके पूरे शरीर से खून निकल रहा था।' दूसरी ओर पुल्लाविला की निवासी डैसी पर भी शुक्रवार की रात कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया। 52 वर्ष की डैसी ने कहा कि रात करीब 11:30 बजे वह जब घर से बाहर निकली तब कुत्तों ने उनपर हमला कर दिया था। उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
