विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 11, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

काटजू के बयान की राज्य सभा ने की भर्त्‍सना, मार्कंडेय बेपरवाह

By Tilak RajEdited By:
Published: Wed, 11 Mar 2015 12:25 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 12 Mar 2015 03:06 AM (GMT+05:30)

महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणियां करने वाले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू की राज्य सभा ने सर्वसम्मति से भर्त्‍सना की है। हालांकि, इससे बेपरवाह काटजू ने उच्च सदन के निंदा प्रस्ताव का मजाक उड़ाते हुए कहा कि सांसदों के पास विचारों की कमी

News Article Hero Image

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणियां करने वाले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू की राज्य सभा ने सर्वसम्मति से भर्त्सना की है। हालांकि, इससे बेपरवाह काटजू ने उच्च सदन के निंदा प्रस्ताव का मजाक उड़ाते हुए कहा कि सांसदों के पास विचारों की कमी है। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करना ही काफी नहीं है।

गांधी को अंग्रेजों और बोस को जापानियों का एजेंट बताने वाली काटजू की टिप्पणियों का मामला बुधवार को राज्य सभा में शून्यकाल के दौरान उठा। सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने दलगत सीमा से ऊपर उठकर काटजू की टिप्पणियों की निंदा की। बाद में सदन से सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित कर इन टिप्पणियों की भर्त्सना की गई। सभापति हामिद अंसारी द्वारा पढ़े गए प्रस्ताव में कहा गया है, 'यह सदन सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू द्वारा हाल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश की आजादी के लिए इंडियन नेशनल आर्मी का नेतृत्व करने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बारे में की गई टिप्पणियों की घोर निंदा करता है।'

समाजवादी पार्टी के नरेश अग्रवाल ने राज्य सभा में यह मामला उठाया। उन्होंने काटजू को दी गई सभी सरकारी सुविधाएं छीने जाने की मांग की। तृणमूल कांग्रेस के एसएस राय तथा जदयू के शरद यादव ने मांग की कि सदन को प्रस्ताव पारित कर काटजू के बयान की निंदा करनी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद का कहना था कि काटजू का बयान सदन के अलावा पूरे विश्व द्वारा निंदा किए जाने के योग्य है। माकपा के सीताराम येचुरी ने कहा कि सरकार बयान की भर्त्सना करने की अनिच्छुक दिखाई दे रही है। येचुरी ने भी सदन से निंदा प्रस्ताव पारित किए जाने की मांग की। कांग्रेस के डॉ. कर्ण सिंह का कहना था कि ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई होनी ही चाहिए जो कभी सुप्रीम कोर्ट का जज था और जो हाल ही में प्रेस परिषद के अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुआ है। उप सभापति पीजे कुरियन ने सदस्यों से सहमति जताते हुए कहा कि काटजू का बयान अत्यंत निंदनीय है और यदि सरकार तैयार हो तो निंदा प्रस्ताव पारित करने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

सांसदों की भावनाओं से सरकार भी सहमत

सदन के नेता व वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सांसदों की भावनाओं से सहमति जताते हुए कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं कि गांधी संभवत: हाल के युग में देश की महानतम हस्ती रहे हैं। स्वतंत्रता आंदोलन में राष्ट्रपिता की भूमिका सर्वोच्च और अतुलनीय है। जेटली ने जोड़ा कि इससे यह संकेत भी मिलता है कि न्यायपालिका में जजों की नियुक्ति की हमारी मौजूदा प्रणाली दोषपूर्ण है, जिसमें इस तरह की मानसिकता वाले लोग सर्वोच्च अदालत में जज बन जाते हैं। यही वजह है कि हम इसे दुरुस्त करने का प्रयास कर रहे हैं।

'क्या मैं अपने माननीय सांसदों को एक विनम्र सुझाव दे सकता हूं? आप एक ऐसा प्रस्ताव पारित कीजिए कि भारत लौटने के साथ ही मुझे गिरफ्तार कर बिना किसी मुकदमे के फांसी पर लटका दिया जाए। न रहेगा बांस और न बजेगी बांसुरी।' -मार्कंडेय काटजू, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश

इसे भी पढ़ें: काटजू ने गांधी को बताया अंग्रेजों का एजेंट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।