विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 18, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महबूबा मुफ्ती से मिले अरुण जेटली, जम्मू-कश्मीर के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

By Tilak RajEdited By:
Published: Thu, 18 May 2017 02:49 PM (IST)

जीएसटी परिषद की बैठक के लिए बुधवार को जम्‍मू-कश्‍मीर पहुंचे जेटली ने मुख्यमंत्री के साथ 45 मिनट तक बातचीत की।

महबूबा मुफ्ती से मिले अरुण जेटली, जम्मू-कश्मीर के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
महबूबा मुफ्ती से मिले अरुण जेटली, जम्मू-कश्मीर के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

श्रीनगर, प्रेट्र। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आज जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से मुलाकात की। ये बैठक श्रीनगर के बुक्कार स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई है। जेटली और महबूबा मुफ्ती की इस मुलाकात के दौरान जम्मू-कश्मीर के विकास के विषयों समेत कई महत्वपूर्ण बातों पर चर्चा हुई है।

जीएसटी परिषद की बैठक के लिए बुधवार को जम्‍मू-कश्‍मीर पहुंचे जेटली ने मुख्यमंत्री के साथ 45 मिनट तक बातचीत की। अधिकारियों ने बैठक के बाद बताया, 'महबूबा मुफ्ती ने केंद्रीय वित्त मंत्री से राज्य को मिलने वाले फंड, विशेष रूप से प्रधानमंत्री विकास योजना के लिए मिलने वाली धनराशि के प्रवाह की प्रक्रिया के बारे में चर्चा की। साथ ही योजना के तहत समय पर धनराशि जारी करने की मांग की है।'

इसके साथ ही जेटली ने जम्मू कश्मीर में एक उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा स्थति की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा बलों से विरोधी तत्वों के साथ दृढ़ता से निपटने को कहा, लेकिन मासूम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। सेनाधिकारियों ने कहा कि जेटली आज शाम यहां पहुंचे और इसके बाद उन्होंने सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की जिसमें नवनियुक्त रक्षा सचिव संजय मित्रा तथा सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत भी शामिल हुए।

रक्षा मंत्री को जम्मू कश्मीर की वर्तमान स्थिति और सभी सरकारी एजेंसियों के बीच करीबी समन्वय के जरिये घाटी में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराया गया। उन्हें नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ रोकने का तंत्र मजबूर करने के विभिन्न उपायों के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि जेटली ने सैनिकों के त्याग, बलिदान और देशभक्ति के जज्बे की प्रशंसा की और कहा कि पूरे देश को उन पर नाज है।

इसे भी पढ़ें: जेठमलानी ने जेटली को कहा 'शातिर', जवाब मिला- मानहानि राशि बढ़ा सकता हूं