विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चीन और भारत के बीच बढ रहा तनाव, कहीं युद्ध का रूप तो नहीं लेगी ये तनातनी

By Kamal VermaEdited By:
Published: Fri, 07 Jul 2017 11:39 AM (IST)Updated: Sun, 09 Jul 2017 10:17 AM (IST)

डोकलाम के मुद्दे पर भारत को चीन खुली चुनौती दे रहा है। ऐसे में सवाल ये है क्या चीन वास्तव ...और पढ़ें

चीन और भारत के बीच बढ रहा तनाव, कहीं युद्ध का रूप तो नहीं लेगी ये तनातनी
चीन और भारत के बीच बढ रहा तनाव, कहीं युद्ध का रूप तो नहीं लेगी ये तनातनी

नई दिल्‍ली (स्‍पेशल डेस्‍क)। पिछले करीब एक माह से चीन और भारत के बीच सीमा पर चल रही तनातनी फिलहाल कम होने का नाम नहीं ले रही है। चीन लगातार इस तनाव को बढ़ाने का काम कर रहा है। वहीं चीन की सरकारी मीडिया इसमें बढ़चढ़कर हिस्‍सा ले रही है और आग को भड़का रहा है। पिछले कुछ दिनों से लगातार चीन की तरफ से इस तरह की बयानबाजी की जा रही, जिससे यह मामला जल्‍द शांत होता दिखाई नहीं दे रहा है। पिछले दो दिनों में ही चीन ने सिक्किम की आजादी को हवा देने और सीमा पर भारत के शांति से पीछे न हटने की सूरत में दल-बल का इस्‍तेमाल करने की धमकी तक दे डाली है। यह सब कुछ तब हो रहा है जब चीन के राष्‍ट्रपति शी चिनफिंग समेत भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जर्मनी के हैंबर्ग में जी-20 की बैठक में हिस्‍सा लेने पहुंचे हुए हैं। लिहाजा इन सभी को देखकर सभी के मन में यह सवाल उठना लाजमी है कि क्‍या इस बार चीन से दो-दो हाथ होंगे।

दबाव की रणनीति पर काम कर रहा है चीन

आम लोगों की राय इस बारे में भले ही कुछ भी हो, लेकिन रक्षा जानकार इस बात से साफ इंकार करते हैं। दैनिक जागरण की स्‍पेशल डेस्‍क से बात करते हुए पूर्व मेजर जनरल पीके सहगल ने इस बात से साफ इंकार किया है कि चीन भारत के खिलाफ जंग छेड़ेगा। सिक्किम से लगे इलाकों में करीब आठ वर्ष बिताने वाले सहगल बताते हैं कि चीन केवल दबाव की राजनीति कर रहा है, वह कभी भारत के साथ युद्ध में नहीं इलझना चाहेगा। उन्‍होंने यह भी कहा कि भारत ने चीन के आक्रामक रवैये को देखते हुए सीमा पर अपने सात हजार जवानों को लगा दिया है। वह हर विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्‍होंने यह भी माना कि भले ही तुलनात्‍मक तौर पर भारत चीन के समक्ष कमजोर लगता है, लेकिन ऐसा अब नहीं है। क्‍योंकि जंग सिर्फ हथियारों से ही नहीं जीती जाती है, बल्कि बुलंद हौंसलों के साथ किसी जंग को जीता जा सकता है।

यह भी पढ़ें: उसने जो कहा वो कर दिखाया, तिरंगा लहराया भी और उसमें लिपटकर आया भी

हिंद महासागर से 'मालाबार' अभ्‍यास पर निगाह

हिंद महासागर में चीनी पनडुब्‍बी और उसके विध्‍वंसक पोत की मौजूदगी के विषय में उन्‍होंने कहा कि यह चीन की रणनीति का ही एक हिस्‍सा है। इसकी वजह मालाबार अभ्‍यास भी है, जिसपर निगाह रखने के लिए चीन ने यह कदम उठाया है। इसकी वजह यह भी है कि यह बहुत बड़ा अभ्‍यास है, जिसमें भारत के अलावा अमेरिका और जापान हिस्‍सा ले रहे हैं। इस अभ्‍यास पर निगाह रखने के लिए उसने अपनी पनडुब्‍बी को यहां भेजा है। मेजर जनरल सहगल ने कहा कि जब कभी भी इस तरह का अभ्‍यास देशों के बीच में होता है तो तो उनपर निगाह रखने के लिए अपने युद्धपोत या पनडुब्बियों को भेजा जाता रहा है।

यह भी पढ़ें: 1967 और 1986 में जब भारतीय सेना के डर से पीठ दिखाकर भागे थे चीनी सैनिक

भारत भी रखता है चीन के सैन्‍य अभ्‍यास पर निगाह

जब कभी चीन 'साउथ चाइना सी' में इस तरह का अभ्‍यास करता है तब भारत भी उस पन निगाह रखने के लिए अपनी पनडुब्बी और युद्धपोतों को वहां भेजता है। लेकिन यह सभी कुछ दो देशों के बीच सामान्‍य हालातों में किया जाता है। लेकिन जंग के माहौल में परिस्थितियां बिल्‍कुल उलट होती हैं। उनका मानना है कि यदि चीन किसी भी सूरत से भारत के साथ जंग में इलझता है तो हिंद महासागर में मौजूद उसकी पनडुब्बियों और युद्धपोतों को भारत कभी डुबो सकता है।

चीन को उसकी ही चाल से दी मात

चीन की रणनीति और राजनीति को करीब से जानने वाले जनरल सहगल ने इस दौरान पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वह चीन की राजनीति और रणनीति को बखूबी जानते हैं। यही वजह है कि उन्‍होंने चीन को घेरने के लिए वियतनाम से लेकर अमेरिका तक सभी जगहों का दौरा किया है। इसके लिए पीएम मोदी मंगाेलिया तक भी गए। उन्‍होंने कहा कि चीन के भारत पर भड़कने की वजह यह भी है कि जो कदम उसने भारत को घेरने के लिए उठाए, वही कदम अब भारत ने भी उठाए हैं। इसलिए वह कुछ ज्‍यादा ही भड़का हुआ है। भारत उसके दुश्‍मन देशों के साथ जिस तरह के समझौते कर रहा है वह उसके लिए ज्‍यादा घातक साबित हो सकते हैं।

चीन के खतरनाक इरादे

यहां पर ध्‍यान देने वाली बात यह भी है कि सिक्किम समेत डोकलाम प्‍लेट काे चीन लगातार अपना हिस्‍सा बताता रहा है। इतना ही नहीं अरुणाचल प्रदेश के सीएम को एक बार चीन ने वीजा यह कहते हुए नहीं दिया था कि अपने ही देश में घूमने के लिए उन्‍हें वीजा की जरूरत नहीं है। चीन की मंशा चिकन वैली को हथियाने की है। यहां के चोला पर चीन ने 1962 से ही कब्‍जा किया है। वहीं भारत की सेना चुंबी वैली समेत इससे कहीं अधिक ऊंची चोटियों पर बैठी है, जो रणनीति के हिसाब से काफी मजबूत स्थिति है। इसके अलावा चीन की मंशा डोकलाम इलाके में सड़क निर्माण के जरिए सिलिगुड़ी तक जाने की है। वह इसके जरिए पूरे पूर्वी भारत को हड़पने की तैयारी कर रहा है।

यह भी पढ़ें: भारत को आंख दिखाने वाले चीन पर ये है जानकारों की राय

तवांग पर कब्‍जा कर पीछे हट चुका है चीन

गौरतलब है कि 1962 में चीनी सेना ने तवांग पर कब्जा करने के बाद उसे खाली कर दिया था क्योंकि वह मैकमोहन रेखा के अंदर पड़ता था। हालांकि इसके बाद भी चीन अरुणाचल को तिब्बत से अलग करने वाली मैकमोहन रेखा को नहीं मानता है। भारत और चीन के बीच पिछले 32 वर्षों में विभिन्न स्तरों पर दो दर्जन से ज्यादा बैठकें हुई हैं और इन सभी बैठकों में चीन तवांग को अपना हिस्सा बताता रहा है। भारत का कहना है कि चीन ने 1962 की लड़ाई में अक्साई चिन के 38 हजार वर्ग मील इलाके पर कब्जा कर लिया था।

चीन से लंबा है भारत के टकराव का इतिहास

7 अक्‍टूबर 1950 : ल्‍हासा पर कब्‍जे के लिए चीन ने तिब्‍बत की सीमा लांघी।
23 जनवरी 1959 : चाऊ इन लार्इ ने पहली बार लद्दाख और नेफा के करीब 40 हजार वर्ग मील भारतीय क्षेत्र पर दावा ठोका।
3 अप्रेल 1959 : तिब्‍बत के आध्‍यात्मिक गुरू दलाई लामा को शरण देने से भारत पर भड़का चीन।
8 सितंबर 1959 : भूटान और सिक्किम के करीब 50 हजार वर्ग मील क्षेत्र पर अपना दावा ठोका।
जनवरी 1961 : भारत-चीन सीमा के पश्चिम सेक्‍टर में 12000 वर्ग मील भूमि पर अवैध कब्‍जा किया।
15 नवंबर 1962 : तवांग और वालोंग पर हमला कर बोमडिला पर किया अवैध कब्‍जा।
30 नवंबर 1965 : उत्‍तरी सिक्किम और नेफा में चीन ने की घुसपैठ। 
अप्रेल 1975 : चीन ने सिक्किम के भारत में शामिल होने पर जताई नाराजगी किया कड़ा विरोध।
25 मई चीन ने अरुणाचल प्रदेश के सीएम को वीजा देने से किया इंकार, कहा अपने ही देश में घूमने के लिए वीजा की जरूरत नहीं।
नवंबर 2010 : चीन ने जम्‍मू कश्‍मीर के नागरिकों को नत्‍थी वीजा देना किया शुरू।
अप्रेल 2013 : पूर्वी लद्दाख में घुसे चीनी सैनिकों, देपसांग बल्‍ज को चीन के शिंक्षियांग प्रांत का हिस्‍सा बताया। भारतीय सेना के जवानों को पीछे धकेला।
अक्‍टूबर 2016 : चीन ने जैश ए मोहम्‍मद सरगना मसूद अजहर को संयुक्‍त राष्‍ट्र में आतंकी घोषित करने के भारतीय प्रयास का किया विरोध।
मई 2017 : भारत ने पीओके से होकर गुजरने वाले पाक चीन आर्थिक गलियारे का किया विरोध।
भारत ने किया ओबीओआर सम्‍मेलन में शामिल होने से इंकार।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।