यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जानिए किसके बोल पर दुख में 'दीदी', बोलीं- मन में आया इस्तीफा दे दूं
ममता का आरोप है कि राज्यपाल ने राज्य बीजेपी इकाई का समर्थन किया और उन्हें अपमानित किया।

नई दिल्ली, [स्पेशल डेस्क]। पश्चिम बंगाल हिंसा की आग में झुलस रहा है। दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद बिगड़ी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केन्द्र सरकार ने वहां पर बीएसएफ के चार सौ जवान भेज दिए हैं। इसके साथ ही, गृहमंत्री ने पूरी स्थिति का जायजा लेते हुए खुद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और वहां के राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी से बात करते हुए फौरन पूरे मामले को सुलझाने को कहा है।
लेकिन, इन सभी चीजों के बीच जिस तरह का गुस्से में ममता बनर्जी ने राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी के व्यवहार को भाजपा के ब्लॉक प्रेसिडेंट जैसा बताया था, वो काफी हैरान करनेवाला था। ऐसे में यह सवाल उठता है कि ममता इतना क्यों बौखला गई थीं?
राज्यपाल पर क्यों आया ममता बनर्जी को इतना गुस्सा
दरअसल, राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने ममता बनर्जी को उत्तरी 24 परगना जिले के बादुड़िया में हुई हिंसा की जानकारी लेने के लिए बुलाया था। लेकिन, ममता का आरोप है कि राज्यपाल ने राज्य बीजेपी इकाई का समर्थन किया और उन्हें अपमानित किया। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पर कड़ा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने उन्हें धमकी दी और अपमानित किया। ममता ने आगे कहा कि राज्यपाल मुझसे एक स्थानीय भाजपा नेता की तरह बात कर रहे थे। इसलिए, एक बार को तो ऐसा लगा कि वह अपना इस्तीफा दे दें।
राज्यपाल ने ममता के आरोपों के बताया बेबुनियाद
राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से लगाए गए सभी आरोपों का खंडन करते हुए राजभवन से जारी बयान में कहा, 'हमारी बातचीत में ऐसा कुछ नहीं हुआ जिससे ममता बनर्जी को लगे कि उन्हें धमकाया गया या उन्हें अपमानित किया गया।' त्रिपाठी ने साथ में यह भी कहा कि राज्य के मामलों को लेकर वह मूक दर्शक बने नहीं रह सकते।'
गृहमंत्री ने दी मामले में दखल, मांगा विस्तृत ब्यौरा
पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में मचे बवाल और उसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच तनातनी को देखते हुए पूरे मामले पर गृहमंत्री को दखल देना पड़ा है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने केसरीनाथ त्रिपाठी और सीएम ममता बनर्जी दोनों से अलग-अलग बात कर पूरे विवाद को सुलझाने के लिए कहा है।
इसलिए हुई हिंसा
गृह मंत्रालय ने एक आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट के बाद पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा के ऊपर विस्तृत ब्यौरा मांगते हुए उनसे पूछा है कि स्थिति को सामान्य बनाने की दिशा में क्या कदम उठाया गया है। फोन पर बातचीत में गृहमंत्री ने ममता और त्रिपाठी से हिंसाग्रस्त इलाके की पूरी स्थिति की जानकारी ली है। ऐसा माना जा रहा है कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री दोनों ने गृहमंत्री के सामने पूरे मामले को लेकर अपनी स्थिति साफ कर दी है। जिसके बाद उन्हें आपसी सहमति से मतभेद खत्म करने के लिए कहा गया है।
क्यों मचा है पश्चिम बंगाल में बवाल
दरअसल, नॉर्थ परगना 24 जिले के बादुरिया में सोमवार को एक आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट के बाद सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी। एक छात्र ने अपने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड की थी। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बावजूद भारी संख्या में लोग पुलिस स्टेशन के बाहर पहुंचे और आरोपी छात्र को उन्हें सौंपने की मांग करने लगे।
लेकिन, पुलिस की तरफ से ऐसा न करने के बाद उन लोगों ने कई जगहों पर रोड ब्लॉक करना शुरू कर दिया। उसके तुरंत बाद ही स्वरूपनगर और बसीरहाट जैसे इलाकों में तेजी से तनाव फैल गया। दोनों समूह सड़कों पर आ गए। स्थिति को काबू में करने के लिए आरएएफ को बुलाया गया। प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के एक दिन बाद भी इलाके में तनाव व्याप्त है।