यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जानें, 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी की है किन पर खास नज़र
मोदी सरकार की यह कोशिश है कि 2019 के चुनाव से पहले मिलेनियम वोटर्स को अपनी ओर लुभाया जाए।

नई दिल्ली, [स्पेशल डेस्क]। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भले ही अभी करीब डेढ़ साल का वक्त बचा हो लेकिन सभी राजनीतिक पार्टियों ने अभी से अपनी सियासी चालें चलनी शुरू कर दी है। चाहे बात विपक्षी जुगलबंदी की हो या फिर मोदी सरकार की तरफ से बनाई जाने वाली सियासी रणनीति की। हालांकि, टूट की कगार तक पहुंची महागठबंधन की एकता जहां विपक्षी खेमे की भविष्य की लड़ाई पर सवाल खड़े कर रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी की जीत के लिए एक नए मंत्र का नारा बुलंद करने को कहा है और वो नारा है- मिलेनियम वोटर्स का।
ऐसे में सवाल उठता है कि जिन मिलेनियम वोटर्स को लुभाने की बात पीएम मोदी ने की वो कौन हैं? इसके साथ ही पिछले चुनाव और चुनावी इतिहास के बारे में भी जानना जरूरी है, जिसके चलते भाजपा इस सियासी रणनीती को अख्तियार करने जा रही है।
कौन हैं मिलेनियम वोटर्स
दरअसल, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि साल 2000 में जो पैदा हुआ है वह 2018 का नया वोटर होगा। उसका सम्मान होना चाहिए। मोदी ने तीन साल के सरकार के कामकाज पर संतोष जताते हुए कहा कि हमें इस दिशा में और आगे बढ़ना है। जाहिर तौर पर प्रधानमंत्री मोदी का यह इशारा है कि जो नए वोटर्स जुड़ेंगे उन्हें अपनी ओर खिंचा जाए। इससे पहले साल 2014 के चुनाव में महिला और युवा वर्ग खुलकर मोदी के समर्थन में खड़ा हुआ था।
ऐसे में पांच साल बाद जो नया वोटर बनेगा सरकार उसे भी अपने साथ जो़ड़ने की मुहिम मे अभी से जुट गई है। 2022 में स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने के जश्न की शुरुआत भी इसी साल से करने की इस बैठक में बात की गई और इसी दौरान इन मिलेनियम वोटर्स को जोड़ने की बात आयी। संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने कहा कि पीएम ने सरकार और पार्टी के स्तर पर मिलेनियम वोटरों को सम्मानित करने की बात कही है।
पिछले लोकसभा चुनाव में युवा-महिलाओं ने की थी मोदी के पक्ष में वोटिंग
साल 2014 का लोकसभा चुनाव कई मायने में दिलचस्प रहा था। चुनाव आयोग के मुताबिक 2009 के चुनाव के मुकाबले करीब 100 मिलियन बढ़कर 2014 के लोकसभा चुनाव में 814.5 मिलियन लोग वोट देने के योग्य थे। यानि, दुनिया में यह अब तक का सबसे बड़ा चुनाव था, जिसमें इतने लोग मतदाता थे। इनमें से 18 से 19 साल आयु वर्ग के करीब 23.1 मिलियन मतदाता थे यानि कुल वोटर्स का 2.7 फीसद। नौ चरणों में हुए 2014 को लोकसभा चुनाव में 66.38 प्रतिशत वोटिंग हुई जो भारत के आमसभा चुनाव के इतिहास में सबसे ज्यादा थी।
2014 में भाजपा को मिला था 31 फीसद वोट
पिछले लोकसभा चुनाव में एनडीए ने एतिहासिक जीत दर्ज करते हुए लोकसभा की 336 सीटों में विजय की पताका लहराई थी। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को कुल वोटों का 31 फीसद उनके पक्ष में पड़ा। यानि, भाजपा ने 282 सीटें (सभी सीटों का 51.9%) जीतकर इतिहास रच दिया। तो वहीं एनडीए को मिले कुल वोटों का शेयर था 38.5 प्रतिशत। जाहिर है इतना बड़ी जीत किसी पार्टी को 1984 के बाद पहली बार मिली थी, जिसमें बिना किसी सहयोग के कोई पार्टी सरकार चलाने में सक्षम थी। जबकि, बात अगर यूपीए की करें तो कांग्रेस की अगुवाई में चुनाव लड़नेवाले यूपीए सिर्फ 60 सीटों पर सिमट कर रह गया था और कांग्रेस को महज 44 सीटें ही मिली थीं। भारत में आधिकारिक तौर पर विपक्षी पार्टी बनने के लिए कुल सीटों का दस फीसद होना चाहिए, जबकि कांग्रेस वह आंकड़ा भी नहीं ला पायी।
मोदी के लिए अहम है मिलेनियम वोटर्स
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो पिछले लोकसभा चुनाव में जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए ने शानदार जीत दर्ज की, उसके बाद वैसी परफॉर्मेंस एक बड़ी चुनौती है। हालांकि, जिस तरह का काम सरकार ने पिछले तीन वर्षों के दौरान किया है और देश के हर वर्ग के लोगों ने उसे सराहा, उसके बाद मोदी का जलवा कायम है। लेकिन, मोदी सरकार जिस तरह से लगातार यंग इंडिया का नारा बुलंद कर रही है और पिछले चुनाव में मोदी सरकार के पक्ष में महिला और युवाओं की भागीदारी रही है यही वजह है कि मिलेनियम वोटर्स पर खास ध्यान देकर उन्हें लुभाने की अभी से कोशिशें की जा रही हैं।