नौसेना ने अदन की खाड़ी में विफल किया समुद्री लूट का प्रयास
नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन डीके शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम 4:45 (स्थानीय समय) के आसपास शारदा को लार्ड माउंटबेटन पोत ने संकट में होने की सूचना दी।
नई दिल्ली, आइएएनएस/प्रेट्र। अदन की खाड़ी में नौसेना के पोत शारदा ने लाइबेरियाई पोत लार्ड माउंटबेटन को समुद्री लुटेरों से बचा लिया। आइएनएस शारदा इस खाड़ी में समुद्री लुटेरों के खिलाफ अभियान में छह अप्रैल से तैनात है। यह जानकारी बुधवार को अधिकारियों ने दी।
नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन डीके शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम 4:45 (स्थानीय समय) के आसपास शारदा को लार्ड माउंटबेटन पोत ने संकट में होने की सूचना दी। पोत ने दो संदिग्ध बड़ी नौकाओं और सात से आठ छोटी नौकाओं के बारे में बताया था। इन्हीं नौकाओं में समुद्री लुटेरे सवार थे। आइएनएस शारदा उस जगह तक शाम सात बजे पहुंचा और दो बड़ी नौकाओं और आठ छोटी नौकाओं को पाया। छोटी नौकाओं में से तीन तेजी से भाग निकली।
आइएनएस शारदा से मार्कोस इकाई के विशेष कमांडो का एक दल हेलीकाप्टर के साथ लुटेरों की तरफ बढ़ा। लुटेरे अपनी नावें छोड़ गए थे। कमांडो ने नावों की जांच की। उसमें मछली पकड़ने का कोई सामान नहीं पाया गया। इसके विपरीत एक बड़ी नौका से एक क्लाशनिकोव राइफल के साथ ही 28 राउंड की मैगजीन मिली। हथियार और गोलियां जब्त कर ली गई।
भारत और चीन की नौसेना ने पिछले महीने अदन की खाड़ी में ही एक पोत को बचाया था। इस पोत पर सोमालियाई समुद्री लुटेरों ने कब्जा कर लिया था।
यह भी पढ़ें: श्रीलंका के इंकार के बाद कराची की ओर बढ़ रही है चीनी पनडुब्बी