विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 23, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाकिस्तानी गोलाबारी का बोफोर्स तोपों से जवाब, कैप्टन सहित तीन पाक सैनिक ढेर

By Sachin BajpaiEdited By:
Published: Wed, 23 Nov 2016 06:49 PM (IST)Updated: Wed, 23 Nov 2016 07:52 PM (IST)

पाकिस्तानी सेना ने सुबह सैन्य ठिकानों के अलावा नागरिक ठिकानों को भी निशाना बनाया है, लेकिन अभी तक किसी प्रकार के सैन्य अथवा नागरिक नुकसान की सूचना नहीं है।

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : उत्तरी कश्मीर के मच्छल (कुपवाड़ा) सेक्टर में मंगलवार दोपहर शुरू हुई गोलाबारी बुधवार को गुलाम कश्मीर से सटे केरन, करनाह और टंगडार सेक्टर में भी फैल गई। पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी का भारतीय जवानों की बोफोर्स तोपों ने जवाब दिया। भारतीय सेना ने आज जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सेना के एक कैप्टन व तीन जवानों को मार गिराया। मारे गए पाकिस्तानी सेना के कैप्टन का नाम तैमूर है और वह 8 नार्दन लाईट इनफैंट्री में तैनात था।

पाकिस्तानी सेना ने सुबह सैन्य ठिकानों के अलावा नागरिक ठिकानों को भी निशाना बनाया है, लेकिन अभी तक किसी प्रकार के सैन्य अथवा नागरिक नुकसान की सूचना नहीं है। अलबत्ता, एलओसी पार पाकिस्तान के लावट-अथमुकाम में भारतीय गोलाबारी से एक पाकिस्तानी वाहन की तबाही और उसमें सवार नौ लोगों की मौत की सूचना है।

गौरतलब है कि गत मंगलवार दोपहर पाकिस्तानी सेना ने उत्तरी कश्मीर में सीजफायर का उल्लंघन कर मच्छल सेक्टर में भारतीय ठिकानों पर भीषण गोलाबारी की थी। इसी गोलाबारी की आड़ और खराब मौसम का फायदा लेकर पाकिस्तानी सेना का बैट दस्ता एलओसी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हो गया और भारतीय सेना के एक गश्तीदल पर घात लगाकर हमला किया। इस हमले में तीन जवान शहीद हो गए थे। बैट दस्ता एक शहीद जवान का सिर भी काटकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद से दोनों तरफ से एक दूसरे के ठिकानों पर गोलाबारी हो रही है।

कुपवाड़ा से मिली सूचनाओं में बताया गया है कि मंगलवार को आधी रात के समय दोनों तरफ से गोलाबारी बंद हो गई थी। उसके बाद तीन बजे दोबारा गोलाबारी शुरू हुई, जो सुबह आठ बजे के करीब भीषण हो गई। मच्छल के अलावा केरन, करनाह, टंगडार, गुरेज और उससे सटे सभी अग्रिम इलाकों में पाकिस्तानी सेना की तरफ से गोलाबारी हुई है।

भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब देते हुए उसके सामरिक महत्व के सभी ठिकानों को निशाना बनाया है। भारतीय गोलाबारी से गुलाम कश्मीर के लावट इलाके में एक वाहन पूरी तरह तबाह हो गया। इस वाहन में सवार नौ लोगों की मौत हो गई है। गुलाम कश्मीर का लावट इलाका मच्छल और टंगडार सेक्टर के सामने नीलम घाटी में है। यह गुलाम कश्मीर के अथमुकाम कस्बे से सटा है।

हालांकि आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी गोलाबारी का जवाब भारतीय सेना की बोफोर्स तोपों ने दिया है। बीते एक माह के दौरान यह तीसरा मौका है, जब मच्छल और केरन में भारतीय सेना ने बोफोर्स तोपों का इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तानी खेमे में तबाही मचाई हो।

पढ़ेंः भारतीय सेना ने पाक से लिया बदला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।