यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सुषमा फिर पिघलीं, हृदय रोग से पीड़ित पाकिस्तानी बच्चे को दिया मेडिकल वीजा
भारत के 71 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुषमा स्वराज ने घोषणा की थी कि मंत्रालय लंबित सभी वास्तविक मामलों में चिकित्सा वीजा देगा।

नई दिल्ली, एएनआइ। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर एक पाकिस्तानी बच्चे की मां के अनुरोध पर सकारात्मक जवाब देते हुए इस्लामाबाद में स्थित भारतीय उच्चायोग को निर्देश दिया कि बीमार पाकिस्तानी बच्चे को तुंरत मेडिकल वीजा दिया जाए।
सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर ही बीमार बच्चे की मां को बताया, 'हम भारत में नवजात शिशु के इलाज के लिए चिकित्सा वीजा देंगे।' विदेश मंत्री के ट्वीट करने के एक घंटे के भीतर ही इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग ने बीमार बच्चे का वीजा जारी कर दिया। साथ ही इसकी जानकारी ट्वीट पर भी सार्वजनिक कर दी।
We will give medical visa for his treatment in India. @IndiainPakistan @djmehwish @MeTheFixer pic.twitter.com/w4zpGZEgNc
— Sushma Swaraj (@SushmaSwaraj) August 29, 2017
भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट कर कहा, 'प्रिय रोहन, आपका वीजा जारी कर दिया गया है और आज ही लाहौर में भेज दिया गया है। ऑल द बेस्ट।' बता दें कि बीमार बच्चे की मां मेहविश मुख्तर ने सोमवार को ट्वीटर पर बेटे के लिए मेडिकल वीजा के लिए अपील की थी। उन्होंने ट्वीट में लिखा था, 'मेरे बेटे को इलाज की जरूरत है। वह तकलीफ में है, अनुरोध है कि उसे तत्काल चिकित्सा वीजा जारी किया जाए।'
बता दें कि इससे पहले भारत के 71 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुषमा स्वराज ने घोषणा की थी कि मंत्रालय लंबित सभी वास्तविक मामलों में चिकित्सा वीजा देगा। वैसे पहले भी सुषमा स्वराज सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाने वालों की ओर राहत का हाथ बढ़ा चुकी हैं।
