यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारत-भूटान के बीच ऐतिहासिक मैत्री संबंध की यादें हुईं ताजा
भारत और भूटान के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

नई दिल्ली (एएनआई)। भारत और भूटान के बीच ऐतिहासिक मैत्री संबंध की यादों को फिर से ताजा करने के लिए भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामगेल वांगचुक और रानी जेतसुन पेमा वांगचुक बेटे प्रिंस जिग्मे नामगेल वांगचुक के साथ चार दिवसीय भारत यात्रा पर हैं।
भूटान नरेश ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इससे पहले भूटान नरेश ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग पर अपने विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच के ऐतिहासिक और विशेष मैत्री संबंधों को भी याद किया।
भूटान के नरेश और प्रधानमंत्री मोदी ने उत्कृष्ट द्विपक्षीय संबंधों पर संतोष व्यक्त किया और विभिन्न क्षेत्रों में अपने सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दोहराया। भूटान नरेश ने भूटान के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए भारत की ओर से प्रदान किए जाने वाले अमूल्य समर्थन की सराहना की।
दोनों देशों ने वर्ष 2018 में भारत-भूटान के बीच औपचारिक राजनयिक संबंधों की स्थापना की स्वर्ण जयंती मनाने पर सहमति जतायी। भारत के राष्ट्रपति ने गोल्डन जुबली के दौरान भूटान के राजा-रानी को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।
भूटान के राजा रानी का यह भारत दौरा दोनों देशों के बीच मित्रतापूर्ण संबंधों को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।
यह भी पढ़ें: कोविंद ने डोकलाम विवाद सुलझाने में भूटान के समर्थन की तारीफ की