यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 16, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सुनंदा पुष्कर हत्याकांड में मनीष तिवारी से होगी पूछताछ
सुनंदा पुष्कर हत्याकांड में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी तथा एयर इंडिया के क्रू मेंबरों से भी पूछताछ की जाएगी। जांच में यह बात सामने आई है कि पिछले साल 15 जनवरी को जब सुनंदा पुष्कर पति शशि थरूर व पारिवारिक दोस्त संजय दिवान तथा घरेलू

नई दिल्ली [राकेश कुमार सिंह] । सुनंदा पुष्कर हत्याकांड में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी तथा एयर इंडिया के क्रू मेंबरों से भी पूछताछ की जाएगी। जांच में यह बात सामने आई है कि पिछले साल 15 जनवरी को जब सुनंदा पुष्कर पति शशि थरूर व पारिवारिक दोस्त संजय दिवान तथा घरेलू सहायक नारायण सिंह के साथ एयर इंडिया के विमान से आइजीआइ एयरपोर्ट पर उतरी थीं तब पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने पर सुनंदा ने थरूर के मुंह पर तमाचा जड़ दिया था। बताया जा रहा है कि एयर इंडिया के विमान में भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था और उस विमान में मनीष तिवारी भी मौजूद थे। झगड़ा किस बात को लेकर हुआ और उस दौरान दोनों के बीच क्या बातें हुईं थी, यह जानने के लिए एसआइटी मनीष तिवारी और क्रू मेंबरों से पूछताछ करेगी। एसआइटी के सदस्यों ने इसकी पुष्टि की है।
पिछले साल ही जांच में यह बात सामने आ गई थी, लेकिन इन लोगों से पूछताछ नहीं की गई थी। दिल्ली पुलिस ने मनीष तिवारी से केवल टेलीफोन से संपर्क कर जांच के नाम पर औपचारिकता पूरी की थी। दिल्ली पुलिस ने ऐसा क्यों किया इसका जवाब देने को कोई अधिकारी तैयार नहीं है। एसआइटी के सदस्यों का कहना है कि सुनंदा हत्याकांड में शक के दायरे में उनके पति शशि थरूर ही मुख्य आरोपी हैं। इसलिए पुलिस उनसे सबसे अंत में पूछताछ करेगी। पुलिस सुनंदा की मौत से एक सप्ताह पूर्व के शशि थरूर के सभी मोबाइल फोन के कॉल डिटेल निकलवाकर उनकी बारीकी से जांच कर रही है। जिससे कि थरूर के उस दौरान के पूरे मुवमेंट का पता लगाया जा सके। पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी के निर्देश के कारण एसआइटी पूछताछ में बहुत ही गोपनीयता बरत रही है। बुधवार को पुलिस ने शशि थरूर के पीएसओ, पारिवारिक दोस्त संजय दिवान, लीला होटल के मैनेजर व एक अन्य से घंटो पूछताछ की। संजय दिवान को सरोजनी नगर थाने बुलाया गया था। वहां उनके सभी मोबाइल को जब्त कर लिया गया और मीडिया से संपर्क न रखने के निर्देश दिए गए।
सूत्रों के मुताबिक, सुनंदा की दोस्त वरिष्ठ महिला पत्रकार नलिनी सिंह व थरूर के निजी सचिव अभिनव से भी जल्द पूछताछ की जा सकती है। दोनों जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। अभिनव का कहना है कि घटना वाले दिन थरूर ने उन्हें फोन कर होटल में बुलाया था। उसके बाद वह रात 8.35 बजे लीला होटल पहुंच गए थे। तब तक सुनंदा की मौत हो चुकी थी। सर गंगाराम अस्पताल के डॉक्टर रजत मोहन व होटल के डॉक्टर सुनंदा को मृत घोषित कर चुके थे। थरूर के कहने पर उन्होंने सरोजनी नगर थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष अतुल सूद को फोन कर बताया था कि होटल के सुइट नंबर-345 में सुनंदा पुष्कर की मौत हो गई है। अभिनव का कहना है कि इसके अलावा उनके पास कोई जानकारी नहीं है।