मध्य प्रदेश में कन्यादान योजना में घोटाला, 5923 फर्जी विवाह दिखाकर हड़प लिए 30.18 करोड़
जांच एजेंसी के अनुसार, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में फर्जीवाड़ा कर त्रिपाठी ने 5923 फर्जी विवाह दिखाकर 30.18 करोड़ का घोटाला ...और पढ़ें

मध्य प्रदेश में 5923 फर्जी विवाह दिखाकर हड़प लिए 30.18 करोड़ (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
ईडी ने अटैच की तत्कालीन सीईओ व सहयोगी की 5.37 करोड़ रुपये की संपत्तियां
विदिशा जिले में साल 2019 से 2021 के बीच हुआ था कन्यादान योजना में घोटाला
जेएनएन, भोपाल। मध्य प्रदेश में गरीब और निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए चलाई गई मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में विदिशा जिले में 30.18 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है।
ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) शोभित त्रिपाठी और उनके सहयोगी हेमंत साहू की 5.37 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में फर्जीवाड़ा कर त्रिपाठी ने 5923 फर्जी विवाह दिखाकर 30.18 करोड़ का घोटाला किया था। इस मामले में ईडी ने करीब दो माह पहले त्रिपाठी को गिरफ्तार किया था।
ईडी के अनुसार, प्रदेश सरकार की योजना के तहत पंजीकृत गरीब निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी। शोभित त्रिपाठी ने वर्ष 2019 से नवंबर 2021 के बीच सिरोंज जनपद पंचायत के सीईओ रहते हुए अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर 5923 संदिग्ध विवाह सहायता प्रकरणों में करीब 30.18 करोड़ रुपये स्वीकृत कर वितरित किए।
जांच में सामने आया कि अपात्र हितग्राहियों के नाम पर फर्जी आवेदन और दस्तावेज तैयार किए गए। उनके दस्तावेजों का उपयोग कर बैंक खाते खोले गए और योजना की राशि इन खातों में जमा कराकर अलग-अलग किस्तों में नकद निकाल ली गई। कोरोना लाकडाउन के दौरान भी ऐसे लोगों को लाभ दिया गया, जबकि सार्वजनिक विवाह प्रतिबंधित थे।
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू), भोपाल में इस मामले में एफआइआर दर्ज है। ईडी ने इसी आधार पर मनी लांड्रिंग की जांच शुरू की थी। शोभित त्रिपाठी को दो सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। वह न्यायिक हिरासत में है। मामले में आगे की जांच जारी है।