विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 22, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

खतरा है बरकरार! इन राहों से गुजरना जरा संभल के ..

By Edited By:
Published: Tue, 22 Jul 2014 10:37 AM (IST)Updated: Tue, 22 Jul 2014 10:53 AM (IST)

दुनिया में कुल करीब साठ हजार हवाई मार्ग हैं। ग्लोब का कोई हिस्सा इन मार्गो से अछूता नहीं है। इन ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। दुनिया में कुल करीब साठ हजार हवाई मार्ग हैं। ग्लोब का कोई हिस्सा इन मार्गो से अछूता नहीं है। इन मार्गो के नीचे जमीन पर मौजूद कई देशों में अशांति व्याप्त है। कहीं आतंकी तो कहीं अलगाववादी सरकार से लोहा ले रहे हैं। इनकी लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों पर मजबूत पकड़ है। इन हालात में भविष्य में मलेशियाई विमान एमएच-17 हादसे की पुनरावृत्ति से इन्कार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में दुनिया के व्यस्ततम हवाई मार्गो के नीचे मौजूद बड़े खतरों पर एक नजर :

यूक्रेन -

रूस और यूक्रेन की सीमा के निकट स्वायत्तता के मसले को लेकर रूस समर्थक विद्रोहियों और यूक्रेनी सैनिकों के बीच भीषण संघर्ष चल रहा है। रूस की मदद से इन विद्रोहियों के पास हजारों फीट हवा में मार करने में सक्षम बुक जैसी मिसाइलें शामिल हैं। इसके चलते यूक्रेन के ऊपर 32 हजार फीट तक नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है। यह यूरोप और एशिया के बीच का मुख्य हवाई मार्ग है। एयर वे एल980 नामक इस मार्ग से दिन भर में तीन सौ से ज्यादा व्यावसायिक उड़ानें गुजरती हैं। टोक्यो, हांगकांग, मुंबई, सिंगापुर आदि से यूरोप के विभिन्न देशों की राजधानियों को जाने वाला यह मुख्य हवाई मार्ग है।

नाइजीरिया -

आतंकी संगठन बोको हराम द्वारा इस्लामिक राष्ट्र बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान हजारों लोगों की मौत हो चुकी है। इस देश के वायु मार्ग को खतरे की श्रेणी में रखा गया है।

इराक -

इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आइएसआइएस) ने देश के एक हिस्से पर नियंत्रण कर लिया है। इसको विश्व का सबसे धनी व सर्वाधिक संसाधनों वाला आतंकी समूह कहा जा रहा है। रॉकेट और हेलीकॉप्टर तक इसके जखीरे में शामिल हैं।

सीरिया -

तकरीबन पिछले तीन वर्षो से गृहयुद्ध से त्रस्त इस देश से गुजरने वाले हवाई मार्ग को विमान नजरअंदाज करने लगे हैं।

सोमालिया -

सोमालिया में अल शाबाद नामक आतंकवादी समूह सक्रिय है। अलकायदा का समर्थन प्राप्त इस संगठन के पास भी अत्याधुनिक हथियार हैं। ज्यादातर एयरलाइंस सोमालिया से गुजरने से परहेज करते हैं।

गाजा -

तीन इजरायली किशोरों को फलस्तीनी आतंकी संगठन हमास द्वारा मारे जाने के बाद इजरायली सेना और हमास के बीच जबर्दस्त टकराव जारी है। हमास के पास एम 75 मिसाइलें हैं। हाल ही में उसने अबाबील नाम से ड्रोन मिसाइलें भी हासिल की हैं। शनिवार को इजरायल ने तेल अवीव स्थित बेन गुरियन इंटरनेशनल हवाई अड्डे से आने-जाने वाले विमानों के वायु मार्ग में तब्दीली की है।

पाकिस्तान -

तहरीक-ए-तालिबान समेत कई बड़े आतंकी समूह सक्रिय हैं। उत्तरी वजीरिस्तान सहित कई क्षेत्रों में सेना और आतंकी समूहों के बीच भिड़ंत जारी है। कुछ समय पहले कराची अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को आतंकी निशाना बना चुके हैं।

यातायात के नियम -

आकाश में विमानों के भी उड़ने के अपने नियम होते हैं। पूरब से पश्चिम की ओर उड़ने वाली फ्लाइट आकाश में सम अंकों यानी 20 हजार, 22 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भरती है। पश्चिम से पूरब की ओर उड़ान भरने वाले विमान विषम अंकों यानी 21 हजार, 23 हजार फीट पर उड़ान भरते हैं। इससे आमने-सामने की टक्कर से सुरक्षा सुनिश्चित होती है। यही नहीं, पश्चिम की ओर जाने वाली उड़ान पूरब की उड़ान से अधिक ऊंचाई पर होती है। इनके बीच कम से कम एक हजार फीट का अंतर होता है।

हवाई मार्ग : -

58288 कुल फ्लाइट रूट

3902 हवाई अड्डे

531 एयरलाइंस

पढ़ें : ..तो क्या आतंकियों ने गलतफहमी में कर दिया विमान पर हमला?

पढ़ें : मलबे से 272 शव बरामद, विशेषज्ञ कर रहे परीक्षण