विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

प्रियंका को नहीं भाया मोदी का बेटी जैसी कहना

By Edited By:
Published: Thu, 01 May 2014 03:05 PM (IST)Updated: Fri, 02 May 2014 06:12 AM (IST)

रायबरेली के बाद भाई राहुल गांधी के लिए प्रचार करने अमेठी पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने यह कहकर नरेंद्र मोदी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। रायबरेली के बाद भाई राहुल गांधी के लिए प्रचार करने अमेठी पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने यह कहकर नरेंद्र मोदी को झिड़का कि मैं राजीव गांधी की बेटी हूं। उन्होंने यह बयान मोदी की ओर से दूरदर्शन पर प्रसारित हुए साक्षात्कार के दौरान की गई इस कथित टिप्पणी पर दिया कि वह उन्हें बेटी की तरह देखते हैं। प्रियंका की चुभती हुई टिप्पणी के बाद पी. चिदंबरम ने भी कहा, 'मुझे नहीं लगता कि प्रियंका को मोदी को पिता सरीखा मानने में खुशी होगी।' विवाद बढ़ने पर देर शाम मोदी के कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया कि उन्होंने दूरदर्शन के साक्षात्कार में प्रियंका को अपनी बेटी जैसी कहा ही नहीं। मोदी के कार्यालय ने इंटरव्यू को यूट्यूब पर डालकर दावा किया है कि साक्षात्कार के उस हिस्से में जब प्रियंका के मोदी पर हमलों के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने इतना भर कहा था कि प्रियंका तो बेटी हैं। उनका हक बनता है अपने भाई के लिए काम करना और यह हक तो उन्हें देना ही होगा .वह दस गालियां और देंगी तो भी बेटी बेटी है। उसके प्रति नाराजगी नहीं हो सकती।

इस विवाद की जड़ में इस आशय की खबरें थीं कि मोदी के इस इंटरव्यू को दूरदर्शन ने काट-छांट कर दिखाया और उससे उस टिप्पणी को हटा दिया जिसमें उन्होंने प्रियंका को अपनी बेटी जैसा कहा था। इन खबरों को इससे और बल मिला, क्योंकि दूरदर्शन ने इस साक्षात्कार को बिना किसी प्रोमो या प्रचार के दिखाया था। यह 27 अप्रैल को प्रसारित हुआ था। इन्हीं खबरों के आधार पर जब अमेठी में प्रियंका से उनकी प्रतिक्रिया चाही गई तो उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि मैं अपने पिता की तुलना किसी और से नहीं कर सकती। जब उनसे पूछा गया कि क्या आप मोदी की टिप्पणी से नाराज हैं तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस पर कोई गुस्सा नहीं है, लेकिन हर बात की सीमा होती है। जब पूछा गया कि मोदी ने ऐसा क्यों कहा तो उन्होंने कहा, 'यह वहीं बेहतर बता सकते हैं।'

चिदंबरम के बयान पर भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा, 'कांग्रेस की संस्कृति में भारतीय सभ्यता के लिए जगह नहीं है। यह भारतीय संस्कृति का अंग है कि बेटी की उम्र की लड़कियों को बेटी की तरह माना जाता है।' मोदी के कार्यालय से स्पष्टीकरण के बावजूद यह साफ नहीं हो सका है कि दूरदर्शन पर प्रसारित उनके साक्षात्कार में कोई काट-छांट की गई या नहीं।

*****

'मेरे पिता ने 20 साल पहले देश के लिए जीवन बलिदान कर दिया। अपने पिता को किसी भी दूसरे व्यक्ति से ज्यादा प्यार करती हूं। मैं ऐसी तुलना कतई पसंद नहीं करूंगी।' -प्रियंका गांधी वाड्रा

पढ़ें: भाई राहुल के प्रचार के दौरान प्रियंका की इस हरकत से सभी हैरान

पढ़ें: मोदी का इंटरव्यू विवादों में, प्रियंका को बताया था बेटी समान