यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जीएसटी कैसे बदलेगा किसी परिवार का हाल, रोजमर्रा की चीजों पर होगा असर
एक आम परिवार के दिन की शुरुआत सुबह पेस्ट, साबुन, टूथब्रश व अन्य साफ सफाई की सामग्री से होती है।

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। दिल्ली के सरोजनी नगर में रहने वाले 52 वर्षीय विकास साहनी इस बात से थोड़े परेशान है कि जिस जीएसटी को लेकर इतना ज्यादा हल्ला मचाया जा रहा है क्या वह उनकी जीवन को भी प्रभावित करेगा और अगर करेगा तो किस तरह करेगा? साहनी की इस दुविधा को समझने के लिए हमने सरकार की तरफ से विभिन्न वस्तुओं पर प्रस्तावित जीएसटी दरों की समीक्षा की। विभिन्न वस्तुओं पर लागू मौजूदा दरों और प्रस्तावित दरों के माध्यम से हम यह जानने की कोशिश करते हैं कि साहनी और उनके जैसे करोड़ों भारतीय परिवारों पर जीएसटी किस तरह से असर डालेगा।
1. एक आम परिवार के दिन की शुरुआत सुबह पेस्ट, साबुन, टूथब्रश व अन्य साफ सफाई की सामग्री से होती है। इन उत्पादों पर जीएसटी की नई दरें 12 से 28 फीसद के बीच तय की गई हैं। 30 जून, 2017 तक यानी जीएसटी लागू होने से पहले इन पर केंद्रीय, राज्य व स्थानीय करों को मिला कर 36 से 40 फीसद तक का कर लगता था। यानी निश्चित तौर पर इनकी कीमतों में कमी होगी। अगर एक सामान्य परिवार इन उत्पादों पर औसतन 1000 रुपये प्रति माह खर्च करता है तो उच्चतम कर की दर में 12 फीसद की कटौती के आधार पर औसतन 120 रुपये की बचत की उम्मीद की जा सकती है।
2. साहनी व उनके परिवार के अन्य चारों सदस्य अगर नाश्ते की टेबल पर बैठते हैं तो वहां भी उन्हें जीएसटी की नई दरों से कुछ राहत मिलेगी। क्योंकि चाय, कॉफी, बटर, बिस्किट, दही, जूस पर अभी 5 से 38 फीसद का कुल कर देना होता है। लेकिन जीएसटी के तहत इन उत्पादों पर 12 से 28 फीसद के बीच शुल्क ही अदा करना होगा। ब्रेड और फलों को टैक्स दायरे से बाहर रखा गया है। यही नहीं अगर साहनी के परिवार देशी नाश्ता करता है यानी पराठे, सब्जी, दूध आदि तो उनके बजट पर कोई असर नहीं पड़ेगा। क्योंकि इन उत्पादों पर अब तक जीरो टैक्स लगता था और आगे भी यही लागू रहेगा। मोटे तौर पर शहर में रहने वाला एक मध्यम वर्गीय परिवार 8,000 रुपये खाने व नाश्ते पर खर्च करता है। अगर इसका 3000 रुपये चाय, काफी, मिठाइयों, जूस, बट, बिस्किट, पैक्ड आइटमों पर खर्च करता है तो उसके मासिक बजट में 150-200 रुपये की कमी की उम्मीद की जा सकती है।
3. मिसेज साहनी दोपहर में शॉपिंग करने जाती हैं और वहां वह पूरे घर के लिए ब्रांडेड जूते, कपड़े, परफ्यूम आदि खरीदती हैं। इस वर्ग के ब्रांडेड उत्पादों पर अभी 22 फीसद का कर लगता है जिसे जीएसटी के तहत बढ़ा कर 28 फीसद किया जा रहा है। अगर यह मान लिया जाए कि मिसेज साहनी ने 10 हजार रुपये की खरीदारी की है तो उन्हें जीएसटी लागू होने के बाद तकरीबन 600 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। हां, लेकिन यह भरपाई शाम को तब हो सकती है जब पूरा परिवार सिनेमा देखने जाए क्योंकि हर तरह के मनोरंजन पर जीएसटी की दर 18 फीसद रखी गई है जबकि अभी यह औसतन 22 फीसद है।
4. साहनी परिवार समेत तमाम परिवार आज की तारीख में अपने वेतन का अच्छा खासा पैसा होम लोन, बीमा, मोबाइल बिल के तौर पर देता है। इन भुगतान पर अभी 15 फीसद का सेवा कर देना पड़ता है जबकि जीएसटी के तहत इस तरह की सेवाओं पर 18 फीसद का शुल्क लगा दिया गया है। वाहन लोन पर मासिक किस्त पर सेवा कर को 31 घटा कर 28 फीसद कर दिया गया है। यहां भी थोड़ी राहत मिलेगी। अगर रात का खाना खाने यह परिवार किसी बहुत बड़े रेस्टोरेंट में जाता है तो उन्हें ज्यादा बिल चुकाना पड़ सकता है क्योंकि उन्हें खाने के बिल पर 18 फीसद टैक्स देना पड़ेगा। अभी तक यह 15 फीसद देना पड़ता था। लेकिन अगर छोटे रेस्टोरेंट (सालाना 50 लाख रुपये से कम) में खाना खाते हैं तो सिर्फ 5 फीसद का कर देना पड़ेगा। पांच सितारा रेस्टोरेंट में तो खाने के बिल पर 28 फीसद का टैक्स देना पड़ेगा।