यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 23, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा सांसद ने सुषमा-ललित विवाद में डाला घी
ललित मोदी को मदद और उनके साथ संबंध को लेकर घिरी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। ललित मोदी को मदद और उनके साथ संबंध को लेकर घिरी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर भाजपा सांसद ने ही सवाल उठा दिया है। शीर्ष नेतृत्व जहां उनका बचाव कर रहा है वहीं नौकरशाह से सांसद बने पूर्व गृह सचिव आरके सिंह का कहना है कि 'ललित मोदी भगोड़ा हैं और उनकी कोई मदद नैतिक तथा कानूनी रूप से गलत है।' जाहिर तौर पर उन्होंने नेतृत्व के फैसले पर सवाल खड़ा कर दिया है और धीरे-धीरे ठंडे पड़ रहे विवाद को ऑक्सीजन भी दे दिया है।
बिना किसी कारण एक सप्ताह के बाद आए आरके सिंह के बयान ने जहां विपक्ष के लिए राह आसान कर दी वहीं अब भाजपा और सरकार असहज भी और आशंकित हैं। पहले सांसद कीर्ति आजाद ने इस विवाद को पार्टी की आंतरिक लड़ाई से जोड़ा था और अब सिंह नेतृत्व के फैसले के खिलाफ है। सुषमा के बचाव में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली उतरे थे और ललित मोदी को दी गई मानवीय मदद को सही ठहराया था। लेकिन सिंह इसे नैतिक रूप से भी गलत मानते हैं। ध्यान रहे कि इससे पहले दाऊद इब्राहिम के मसले पर भी आरके सिंह ने सरकार से अलग बयान दिया था।
सिंह ने मंगलवार को कहा, 'ललित मोदी भगौड़े हैं और उन्हें किसी भी तरह की मदद नैतिक और कानूनी रूप से गलत है।' भाजपा की ओर से स्वराज और वसुंधरा के बचाव पर तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया लेकिन सरकार से आग्रह किया कि ललित मोदी को भारत लाए और कार्रवाई करे।
भाजपा के एक नेता ने सिंह के बयान पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि वह केवल ललित मोदी पर भी बोल सकते थे। उनका पासपोर्ट कोर्ट ने बहाल किया है। ऐसे में वह ललित मोदी को मदद पहुंचाने की बात कहकर पार्टी नेताओं पर ही सवाल उठा रहे हैं जो आपत्तिजनक है। संभव है कि सिंह से पार्टी नेतृत्व सवाल पूछे।
