यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खाड़ी में बढ़ा तनाव, 80 लाख भारतीयों की रोजी-रोटी खतरे में
खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका से भारत चिंतित। सभी देशों से बातचीत के जरिए कतर विवाद सुलझाने का किया आग्रह।

नई दिल्ली, ब्यूरो। कतर और खाड़ी देशों के बीच बढ़ रहे तनाव से भारत की चिंता बढ़ गई है। भारत की असल चिंता का कारण खाड़ी देशों में रहने वाले 80 लाख से भी ज्यादा भारतीय हैं। ये भारतीय हर साल करीब 40 अरब डॉलर की राशि अपने घर वालों को भेजते हैं। लिहाजा भारत ने सभी खाड़ी देशों से बातचीत के जरिए ही विवाद सुलझाने का आग्रह किया है। विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि सऊदी अरब समेत कुछ देशों द्वारा कतर से कूटनीतिक संबंध तोड़ने के फैसले लेने के बाद उत्पन्न स्थिति पर भारत गहरी नजर रखे हुए है।
भारत का मानना है कि सभी पक्षों को शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत कर मुद्दे को सुलझाने की कोशिश करनी चाहिए। बातचीत अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुसार और एक दूसरे के प्रति आदर व सार्वभौमिकता का ध्यान रखते हुए होनी चाहिए। इसी के आधार पर संकट का समाधान निकाला जाना चाहिए। इसके साथ ही भारत ने यह भी स्पष्ट किया है कि खाड़ी देशों के बीच उपजे विवाद में बाहरी हस्तक्षेप से बचना चाहिए। भारत ने हर हाल में खाड़ी क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है। भारत ने कहा है कि स्थिति पर नजर रखते हुए वह इन देशों के प्रतिनिधियों से संपर्क बनाए हुए है। इन प्रतिनिधियों से वहां रह रहे भारतीयों को लेकर भी बातचीत हुई है।
सभी देशों ने भारत को वहां रहने वाले भारतीयों के हितों व उनकी सुरक्षा करने का आश्वासन दिया है। खाड़ी देशों में रह रहे 80 लाख से ज्यादा भारतीयों में से करीब 6.5 लाख सिर्फ कतर में रहते हैं। खाड़ी देशों में रहने वाले सबसे संपन्न भारतीय कतर में ही रहते हैं। कतर में रहने वाले भारतीय ही सबसे ज्यादा पैसा स्वदेश भेजते हैं। वर्ष 2015 में खाड़ी के देशों में रहने वाले भारतीयों ने करीब 38 अरब डॉलर की राशि भारत भेजी थी। देश की अर्थव्यवस्था को बनाए रखने में इसका बहुत अहम योगदान रहता है। खाड़ी देशों में तनाव बढ़ने या वहां युद्ध होने पर अपने नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए बड़ा अभियान चलाना पड़ता है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका यात्रा: 26 जून को होगी मोदी-ट्रंप की मुलाकात