यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भगवान के नाम पर भी पोंजी स्कीम
अहमदाबाद। घी में निवेश, आलू बांड और बकरी पालन जैसी पोंजी स्कीमों के बाद अब भगवान के नाम पर भी ...और पढ़ें

अहमदाबाद। घी में निवेश, आलू बांड और बकरी पालन जैसी पोंजी स्कीमों के बाद अब भगवान के नाम पर भी पोंजी स्कीम चलाने का मामला सामने आया है। गुजरात में खुद को हिंदू देवी का अवतार बताने वाले एक ठग ने 'एक का तीन' नाम से यह स्कीम चला रखी थी। मनीलांड्रिग कानून के उल्लंघन के आरोप में अब इस ठग को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
अशोक जेरामभाई जडेजा नाम के इस ठग ने अब तक निवेशकों को करीब 25 करोड़ रुपये का चूना लगाया है। दिल्ली स्थित विशेष मनीलांड्रिंग रोकथाम अदालत ने अहमदाबाद जिले में स्थित जडेजा की सभी संपत्तियां जब्त करने का आदेश दिया है। जडेजा खुद को छारा समुदाय के लोगों की आराध्य देवी वाहनवटी सिकोतार माता का अवतार बताता था। वह खुद को जयमादी-अशोकमादी के रूप में प्रचारित करता था। पुलिस ने वर्ष 2009 में उसके खिलाफ फर्जीवाड़े की रिपोर्ट दर्ज की थी।
जांच में पाया गया कि जडेजा 'एक का तीन' नाम से एक फर्जी स्कीम चलाता है। वह दावा करता था कि देवी उस पर प्रसन्न हैं और वे छारा समुदाय के लोगों को करोड़पति बनाना चाहती हैं। इसलिए जो भी व्यक्ति देवी को प्रसाद के रूप में धन चढ़ाएगा, उसे तीन दिन में तीन गुनी रकम वापस मिलेगी। जांच रिपोर्ट के मुताबिक देशभर से छारा समुदाय के कई लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई और उधार ली गई रकम इस ठग को सौंपी। रकम सौंपने वाले लोगों की भीड़ बढ़ने पर जडेजा ने रकम लौटाने और तीन गुना करने का समय तीन दिन से बढ़ाकर पहले सात दिन और फिर 25 दिन कर दिया था।
जडेजा ने अब तक लोगों से 25 करोड़ 25 लाख 68 हजार रुपये की रकम ऐंठी है। इस रकम के जरिये उसने सोने-चांदी के आभूषण, वाहन और कई अचल संपत्तियों की खरीद की है। साथ ही उसने अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में रकम जमा की है। लोगों को जब अहसास हुआ कि उन्हें ठगा गया है तब उन्होंने जडेजा के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उसके खिलाफ मनीलांड्रिंग का मामला दर्ज किया।
ईडी के आरोपपत्र के मुताबिक इस फर्जीवाड़े में जडेजा की पत्नी और भाई भी शामिल थे। जडेजा के बैंक खाते और करीब 2.45 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
