यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जस्टिस मंजूनाथ की फाइल कोलेजियम को वापस
केंद्र सरकार ने कर्नाटक हाई कोर्ट के जज केएल मंजूनाथ को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश से जुड़ी फाइल सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम को लौटा दी है। सरकार ने उनकी प्रोन्नति के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कर्नाटक हाई कोर्ट के जज केएल मंजूनाथ को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश से जुड़ी फाइल सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम को लौटा दी है। सरकार ने उनकी प्रोन्नति के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
दरअसल, जस्टिस मंजूनाथ की प्रोन्नति पर मुख्य न्यायाधीश (सीजेआइ) आरएम लोढा ने कर्नाटक हाई कोर्ट में जज रह चुके सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ जज से सलाह मांगी थी। शीर्ष अदालत के जज ने दो पेज की टिप्पणी में जस्टिस मंजूनाथ के नाम पर कुछ आपत्ति जताई। इसका संज्ञान लेते हुए कानून मंत्रालय ने कर्नाटक हाई कोर्ट के जज की प्रोन्नति से जुड़ी फाइल कोलेजियम को लौटा दी और इस पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
निर्धारित नियमों के अनुसार हाई कोर्ट के जज को किसी भी हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर प्रोन्नत करने से पहले सीजेआइ सुप्रीम कोर्ट के दो वरिष्ठतम जजों से सलाह मशवरा करते हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील व पूर्व सॉलिसिटर जनरल गोपाल सुब्रमण्यम को शीर्ष अदालत का जज बनाने पर भी विवाद हो चुका है। सीजेआइ ने उस मामले में केंद्र के रवैये पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई थी।