विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 14, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फेसबुक पर दोस्ती, अपहरण कर महिला ने मांगी 10 लाख की फिरौती

By Edited By:
Published: Mon, 14 Oct 2013 05:35 AM (IST)Updated: Mon, 14 Oct 2013 05:37 AM (IST)

फेसबुक पर दोस्ती कर अपहरण करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। फतेहाबाद के एक व्यक्ति को पानीपत की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

पानीपत, उपमुख्य संवाददाता। फेसबुक पर दोस्ती कर अपहरण करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। फतेहाबाद के एक व्यक्ति को पानीपत की एक महिला ने पानीपत बुलाया और अपहरण कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती लेने एक महिला व दो व्यक्ति बस अड्डा पहुंचे, जहां से तीनों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पढ़ें: छात्रा को उठा ले गए कार सवार

फतेहाबाद, टोहाना के कुला गांव निवासी गुरजिंदर सिंह उर्फ जिंदर (46) की पानीपत सेक्टर 13-17 निवासी एक महिला से फेसबुक पर जान-पहचान हुई। महिला ने जिंदर को रविवार को मिलने के लिए पानीपत बुलाया। यहां महिला ने अपने गिरोह के साथ मिलकर जिंदर का अपहरण कर लिया। बताया जा रहा है कि झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर जिंदर से 10 लाख रुपये की मांग की। मामला तीन लाख में तय हुआ। कुलां निवासी अनूप सिंह ने बताया कि जिंदर ने रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे फोन कर तीन लाख रुपये मांगे। पूछने पर जिंदर ने कहा कि वह मुसीबत में है, पैसे नहीं देने पर जान से जाएगा।

जिंदर ने अपने फोन से दोस्त शमशेर सिंह को भी यह बात बताई। पहले तो सभी इसे मजाक में ले रहे थे, लेकिन बाद में मामले को गंभीरता से लेते हुए अनूप सिंह, शमशेर सिंह, अल्ताफ, नानूधार सिंह आदि पैसे का इंतजाम कर पानीपत के लिए चल दिए। मामले की सूचना टोहाना पुलिस को भी दी गई। अनूप ने बताया कि फोन जिंदर के मोबाइल से ही किया जाता था। आरोपियों ने कभी नहर तो कभी टोलप्लाजा पर पैसे लेकर बुलाया।

बस अड्डे पर दबोचा

शाम को जब वे लोग टोलप्लाजा के पास पहुंचे तो आरोपियों ने फोन कर बस अड्डे के गेट पर बुलाया। इस बीच अनूप ने हजकां नेता संजय कादियान को फोन कर सारी जानकारी दे दी थी। शाम करीब साढ़े सात बजे सभी लोग बस अड्डे के गेट पर पहुंचे। जहां पर एक महिला व दो युवक थे। अनूप 60 हजार रुपये देने पर राजी हो गए। बातचीत चल ही रही थी कि संजय कादियान आदि ने तीनों को पकड़ लिया। सभी को बस अड्डा चौकी ले जाया गया, जहां से सेक्टर 6-7 चौकी ले गए। अनूप सिंह ने पुलिस पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया है। जिंदर और तीनों अपहरणकर्ता भी पुलिस के कब्जे में है।

एसएचओ शहर मामले की जांच कर रहे हैं। पूछताछ के बाद पूरे मामले का पता चल सकेगा। आरोपियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। -पारुल कुश जैन, एसपी

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर