यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
छात्रा को उठा ले गए कार सवार

लहरपुर(सीतापुर): कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की शाम कार सवार लोगों ने एक छात्रा का अपहरण कर लिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था।
लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नबी नगर निवासी आत्मप्रकाश की 17 वर्षीय पुत्री पूनम देवी टियूशन पढ़ने के लिए साइकिल से लहरपुर कस्बा आई थी। यहां पक्का ताल के निकट कार सवार लोगों ने उसे रोक लिया। बतातें हैं कि छात्रा के साथ उसका 12 वर्षीय चचेरा भाई अंकित भी था। कार सवार लोगों ने अंकित को ढकेलते हुए पूनम को कार में खींच लिया। इससे पहले कि अंकित कुछ समझ पाता। कार सवार लोग छात्रा को लेकर फरार हो गए। अंकित ने जैसे तैसे सूचना घर पहुंचाई। देखते ही देखते ही स्थानीय नागरिक भड़क उठे और सड़क पर आ गए। लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रा की बरामदगी और अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पीड़ित परिवार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने सीमाएं सील कर दी हैं और गहन चेकिंग कर रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
