विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गांधी मैदान हादसा: सीएम मांझी गृहमंत्री से बोले, नहीं है जानकारी

By Jagran News NetworkEdited By:
Published: Sat, 04 Oct 2014 09:54 AM (IST)

गांधी मैदान भगदड़ के बाद बिहार के सीएम जीतनराम मांझी अपने व्यवहार को लेकर एकबार फिर से विवादों में घिर गए हैं।

News Article Hero Image

नई दिल्ली। पटना के गांधी मैदान में दशहरा के मौके पर रावण दहन के बाद शुक्रवार को मची भगदड़ में 42 लोगों को अपनी जान गंवानी और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस हादसे के लिए कौन लोग जिम्मेदार हैं, इसपर सवाल उठ ही रहे थे कि बिहार के सीएम जीतनराम मांझी अपने व्यवहार को लेकर एकबार फिर से विवादों में घिर गए हैं।

मांझी को घंटों तक पता ही नहीं था कि पटना में क्या हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जब केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने उनसे फोन पर बात की तो उनका जवाब था कि उन्हें पता नहीं है।

गौरतलब है कि गांधी मैदान में कुल 9 दरवाजे हैं। इनमें से 4 दरवाजे पहले से बंद थे और बाकी बचे 5 में से 3 दरवाजे वीवीआआइपी के लिए रिजर्व रखे गए थे। यानी कुल बचे दो दरवाजों से आम आदमी का प्रवेश और प्रस्थान होना था। लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए इतनी कम संख्या में दरवाजे होना व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करता है।

बिहार के सीएम जीतनराम मांझी खुद पटना के गांधी मैदान में रावण दहन के लिए पहुंचे थे और कुछ देर बिताने के बाद वहां से सीधा गया स्थित अपने गांव के लिए निकल गए। गृह मंत्रालय के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जब गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मांझी से हादसे के बारे में जानकारी मांगी तो उन्होंने साफ कहा कि उनके पास हादसे से संबंधित कोई जानकारी नहीं है।

विपक्ष के अलावा सत्तारूढ़ गठबंधन को समर्थन दे रहे राजद के पूर्व अध्यक्ष लालू यादव ने साफ कहा कि प्रशासनिक चूक की वजह से यह हादसा हुआ।

उन्होंने कहा, 'भगदड़ की यह घटना प्रशासनिक चूक का मामला लगता है। दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हमारी शुरू से मांग रही है कि गांधी मैदान की घेराबंदी को नीचे किया जाए और ज्यादा दरवाजे बनाएं जाएं। बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद प्रशासन उपयुक्त उपाय क्यों नहीं कर पा रहा है? यह गंभीर मामला है।'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।