विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 14, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रिक्शा खरीदने के लिए बाप ने ही बेटी का किया सौदा

By Edited By:
Published: Fri, 14 Jun 2013 10:00 AM (IST)Updated: Fri, 14 Jun 2013 10:01 AM (IST)

रिक्शा खरीदने के लिए एक पिता ने रिश्तों को ही शर्मसार कर दिया। उसने अपनी इकलौती नाबालिग बेटी का एक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

हल्द्वानी। रिक्शा खरीदने के लिए एक पिता ने रिश्तों को ही शर्मसार कर दिया। उसने अपनी इकलौती नाबालिग बेटी का एक राजमिस्त्री से 35 हजार रुपये में सौदा कर दिया। किशोरी ने ताऊ को जब आपबीती बताई तो मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी पिता समेत महिला दलाल को गिरफ्तार कर लिया है। खरीददार राजमिस्त्री की तलाश की जा रही है।

भोलानाथ गार्डन निवासी राजू राम रिक्शा चालक है। उसकी 15 साल की बेटी राजकीय बालिका इंटर कालेज में नवीं कक्षा में है। किशोरी ने बताया कि नौ जून की देर शाम उसके घर में परिचित आशा जायसवाल पहुंची। आशा के साथ राजू राम अपनी बेटी को लेकर रामपुर रोड सरगम सिनेमा हाल के समीप पहुंच गया। यहां उन्हें काशीपुर निवासी सुनील नाम का युवक मिला।

सुनील पीली कोठी में किराए पर रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। किशोरी ने बताया कि यहां से आशा व सुनील उसे लेकर पीली कोठी पहुंची। रात में दोनों सुनील के घर ही ठहरे। इस दौरान किशोरी को पता चला कि उसे सुनील को 35 हजार रुपये में बेच दिया गया है। 10 जून की सुबह किशोरी किसी तरह सुनील के घर से भाग गई। दिन भर इधर-उधर भटकने के बाद देर रात वह गौलापार स्थित अपने रिश्तेदारों के घर पहुंची। 11 जून को रिश्तेदारों के फोन करने पर टेलरिंग का काम करने वाले ताऊ मुन्ना लाल पहुंचे। किशोरी ने ताऊ को आपबीती बताई। गुरुवार को ताऊ ने किशोरी के साथ पुलिस को घटना की जानकारी दी।

नैनीताल के एसएसपी सदानंद दांते ने बताया कि आरोपी पिता राजू राम व महिला दलाल आशा को गिरफ्तार कर लिया गया है और राजमिस्त्री की तलाश की जा रही है। पूछताछ में राजू राम ने बताया कि उसने आशा के माध्यम से सुनील से 35 हजार रुपये में बेटी का सौदा किया था। 10 हजार रुपये आशा को देना तय हुआ। सौदे की रकम मिलने पर राजू राम रिक्शा खरीदना चाहता था। तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।