म्यांमार से गुटखा बाजार तक: सुपारी तस्करी के 1000 करोड़ के सिंडिकेट का खुलासा
ईडी ने म्यांमार से भारत तक फैले 1000 करोड़ रुपये के सुपारी तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।

ईडी ने 1000 करोड़ रुपये के सुपारी तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया (AI जेनेरेटेड)
HighLights
ईडी ने 1000 करोड़ रुपये के सुपारी तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया
म्यांमार से मिजोरम होते हुए भारत के कई राज्यों तक फैला नेटवर्क
फर्जी बिलिंग, प्रोटेक्शन सिंडिकेट और हवाला भुगतान का भी खुलासा हुआ
नीलू रंजन, नई दिल्ली। नई दिल्ली। ईडी ने म्यांमार से गुटका बाजार तक के सुपारी तस्करी के 1000 करोड़ रुपये के सिंडिकेट का खुलासा किया है।
ईडी की गुवाहटी और आइजोल ईकाई की संयुक्त कार्रवाई में पिछले छह महीने में चार चरणों में 55 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें मिजोरम, असम, पश्चिम बंगाल से लेकर उप्र, दिल्ली और महाराष्ट्र तक फैले सुपारी तस्करी की पूरी चेन उजागर हुई है।
जून, जुलाई, अगस्त और अक्टूर में मारे गए छापे में मिरोजम के चम्फाई के रहने वाले डमी मालिक, असम के सिलचर में रहने वाले उनके कंट्रोलर, गुवाहाटी के ट्रांसपोर्टर, कोलकाता के फर्जी बिल बनाने वाले और सिलीगुड़ी कारिडोर में वसूली करने वाले ‘प्रोटेक्शन सिंडिकेट’ तक सभी कड़ियां शामिल थीं।
कैसे शुरू हुई जांच?
जांच की शुरूआत 2024 में गुवाहाटी हाईकोर्ट द्वारा सीबीआई को सुपारी तस्करी की जांच के आदेश से हुई, जिसके आधार पर ईडी की आइजोल ईकाई ने मनी लांड्रिंग की जांच शुरू की। जांच में मिजोरम का जोखावधार सबसे बड़ा ट्रांजिट बनकर सामने आया।
मिजोरम में सुपारी का उत्पादन नगण्य होने के बावजूद थाईलैंड, इंडोनेशिया की सुपारी की मिजोरम में उत्पादित दिखाकर सिलचर और गुवाहाटी भेजा जा रहा था। जाहिर है सारी सुपारी तस्करी से मिजोरम पहुंच रही थी।
इस तस्करी के लिए चम्फाई जिले के सामने तियाउ नदी का उपयोग किया जाता है, जो भारत-म्यांमार के बीच प्राकृतिक सीमा है। छोटे नावों और कुलियों की मदद से ये सुपारी जोखावथार लाई जाती थी।
ईडी के अनुसार गुवाहाटी में बैठे मुख्य हैंडलर्स मिजोरम के पूरे आपरेशन की कमान संभालते थे। जीएसटी और ईवे बिल बनाकर सुपारी को सिलचर फिर गुवाहाटी में बड़े गोदामों तक पहुंचाया जाता था।
कैसे खुला राज?
मिजोरम और असम में शामिल आरोपितों ने अपने बयान में इसे स्वीकार भी किया है। एजेंसियों की नजर से बचने के लिए दो-तीन साल में पुरानी को कंपनी को बंद कर नई खोल ली जाती थी। लेकिन मोबाइल, पैन और अन्य दस्तावेजों से उनके आपस में जुड़े होने के सबूत मिले हैं।
गुवाहाटी के गोदामों में पहुंचने के बाद इसके नए दस्तावेज बनाए जाते थे और नए बैग में रखे जाते थे। यह काम संगठित लाजिस्टिक्स कंपनियां संभालती थीं। एक ही कंपनी के खाते में करीब 876 करोड़ रुपये के क्रेडिट मिले, जो ज्यादातर देशभर के सुपारी व्यापारियों से आए थे।
500 मीट्रिक टन से अधिक सुपारी मिली थी
जून 2023 में आयकर छापे में इसी ग्रुप के अमिनगांव गोदाम में 500 मीट्रिक टन से अधिक बेहिसाब सुपारी मिली थी। मैसर्स जय करणी ट्रेडिंग्स और मैसर्स पूर्वोत्तर एग्रो ने पिछले आठ साल में 400 करोड़ रुपये से अधिक की खरीद की है। जिन छह बड़ी इकाइयों से उन्होंने खरीद की, उनमें से पांच का कोई कारोबारी ठिकाना, गोदाम या कार्यालय ही नहीं मिला।
इन पांच ने ही 100 करोड़ रुपये से अधिक की सुपारी सप्लाई की थी। सुपारी तस्करी में सिलिगुड़ी कोरिडोर की अहम भूमिका था, इसी चिकन नेक से होते यह उत्तर बंगाल से बिहार, यूपी, महाराष्ट्र जाती थी।
यहां सुरक्षित रास्ता खरीदा जाता था। यहां से हर महीने तस्करी की सुपारी वाली 100 से 120 गाड़ियां गुजरती हैं, जिनसे ट्रांसपोर्टर से हर महीने 5 से 7 लाख रुपये नकद वसूला जाता है।
सिंडिकेट की ट्रांसपोर्ट फर्म के नाम की छपी ‘पर्ची’ छापकर देता था, जिसे दिखाने पर गाड़ी को बिना जांच जाने दिया जाता था। इसका हिस्सा रास्ते में तैनात अधिकारियों को भी जाता था, जो बदले में चेकिंग न होने की सूचना देते थे।
बंगाल से आगे कोलकाता का बिल आपरेटर अपने आदमी बिहार और यूपी बार्डर पर तैनात करता था। म्यामांर में रहने वाले तस्करों को हवाला जरिये रकम भेजे जाने के भी सबूत मिले हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।