विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई के 5 स्टार होटल में खाने की टेबल पर दिखा कॉकरोच, मशहूर डॉक्टर ने शेयर किया वीडियो; तुकाराम मुंडे को किया टैग

Published: Mon, 21 Sep 2026 12:35 PM (IST)

प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अशोक सेठ ने मुंबई के JW मैरियट होटल के रोमानो रेस्टोरेंट में खाने की मेज पर कॉकरोच ...और पढ़ें

HighLights

  1. डॉ. अशोक सेठ को JW मैरियट में खाने की मेज पर कॉकरोच मिला।

  2. उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना साझा कर कार्रवाई की मांग की।

  3. इस घटना ने लग्जरी होटलों की स्वच्छता पर गंभीर सवाल उठाये।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के सहार स्थित लग्जरी 5 स्टार होटल JW मैरियट में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं। देश के प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट और फोर्टिस हेल्थकेयर के चेयरमैन डॉ. अशोक सेठ ने सोशल मीडिया पर होटल के रेस्टोरेंट को लेकर एक चौंकाने वाला अनुभव शेयर किया है जिसमें उनके डिनर टेबल पर एक छोटा कॉकरोच घूम रहा था इस घटना ने देश के सबसे मशहूर लग्जरी होटलों में से एक में साफ-सफाई को लेकर चिंता पैदा कर दी है।

डॉ. सेठ ने पोस्ट कर जताया विरोध

डॉ. सेठ ने शनिवार शाम मुंबई में इस फाइव स्टार होटल के रोमानो रेस्टोरेंट में खाना खा रहे थे, तभी उन्हें अपनी टेबल पर बर्तनों के बीच एक कॉकरोच घूमता दिखाई दिया।
इस घटना के बाद रविवार शाम को उन्होंने सोशल साइट X पर एक व्यंग्यात्मक पोस्ट करते हुए लिखा, 'देखिए डिनर के लिए कौन बुलाया गया है, रोची-एक छोटा कॉकरोच हमारी टेबल पर था और शनिवार रात मुंबई के साहर में JW मैरियट के रोमानो रेस्टोरेंट में हमारे साथ डिनर शेयर करना चाहता था!!!'

 

उन्होंने इसी अंदाज में अपने पोस्ट में आगे लिखा, 'हमारे समझाने के बावजूद 'रोची' जाने को तैयार नहीं था। शायद उसे पास्ता नहीं, पिज्जा चाहिए था।' डॉ. सेठ ने बताया कि इस घटना के बाद उनकी और उनके साथ आए मेहमानों की भूख पूरी तरह खत्म हो गई और वे बिना डिनर किए ही वहाँ से चले आए।

FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे को टैग कर कार्रवाई की मांग

डॉ. सेठ ने अपनी पोस्ट में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, JW मैरियट और महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के कमिश्नर तुकाराम मुंडे को टैग किया। डॉ. सेठ ने तीखे अंदाज में अपनी पोस्ट में लिखा, 'अच्छी बात है कि हम मिस्टर मुंडे के इलाके में हैं और शायद इस मामले को भी देखेंगे।'

महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे खाद्य सुरक्षा नियमों के सख्त पालन के लिए जाने जाते हैं और हाल ही में रेस्टोरेंट, होटल और गोदामों में साफ-सफाई और फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए चर्चा में रहे हैं।

विदेशी मेहमानों के सामने हुई बेइज्जती

डॉ. सेठ ने होटल प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा, 'अगर टेबल पर कॉकरोच है, तो निश्चित रूप से किचन में और भी होंगे। यह साफ-सफाई के प्रति मैरियट के बेहद लापरवाह रवैये को दर्शाता है। ये 5-स्टार होटल खाने का भारी-भरकम बिल वसूलते हैं, इसलिए इनसे बेहतर गुणवत्ता और स्वच्छता की उम्मीद की जाती है।'

होटल प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार

इस घटना के बाद लग्जरी सर्विस और हाइजीन के बड़े-बड़े दावे करने वाले JW मैरियट होटल प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले और डॉ. सेठ के आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: नवी मुंबई में सोफे के गोदाम में लगी आग, कोई हताहत नहीं