यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हासन में आसान नहीं देवेगौड़ा की राह
पूर्व प्रधानमंत्री और जद-एस प्रमुख एचडी देवेगौड़ा के लिए 16वें लोकसभा का चुनाव आसान नहीं रहने वाला है। प्रभावशाली वोक्कालिगा समुदाय के दम पर हासन के रास्ते पांचवीं बार लोकसभा पहुंचने की जुगत में लगे देवेगौड़ा के खिलाफ कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। देवेगौड़ा के खिलाफ चलाए ज

हासन। पूर्व प्रधानमंत्री और जद-एस प्रमुख एचडी देवेगौड़ा के लिए 16वें लोकसभा का चुनाव आसान नहीं रहने वाला है। प्रभावशाली वोक्कालिगा समुदाय के दम पर हासन के रास्ते पांचवीं बार लोकसभा पहुंचने की जुगत में लगे देवेगौड़ा के खिलाफ कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
देवेगौड़ा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कमान खुद मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री डीके शिवकुमार ने संभाल रखी है। देवेगौड़ा (81) जहां इसे अपना आखिरी चुनाव बताकर मतदाताओं को भावनात्मक रूप से अपनी ओर करने में जुटे हैं तो वहीं शिवकुमार उनकी हवा निकालने के लिए जमीनी स्तर पर अभियान चला रहे हैं। हासन संसदीय क्षेत्र में तकरीबन 33 फीसद आबादी वोक्कालिगा जाति की है। कुल 15 लाख में से पांच लाख मतदाता वोक्कालिगा हैं। देवेगौड़ा भी इसी जाति से हैं। जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने तीन बार के विधायक मंजू को पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ मैदान में उतारा है, जो खुद भी वोक्कालिगा हैं। भाजपा और बसपा के उम्मीदवार भी जोर लगा रहे हैं।
वर्ष 1991 से लेकर अब तक हासन के मतदाताओं ने आमतौर पर जद-एस के प्रति ही अपनी निष्ठा जताई है। पिछले 23 वर्षो में सिर्फ 1999 में देवेगौड़ा को कांग्रेस उम्मीदवार पुट्टास्वामी गौड़ा से हार का मुंह देखना पड़ा था। यह चुनाव सिद्दरमैया के लिए भी बदला चुकाने के अवसर की तरह है। दरअसल, 2006 में कुरुबा जाति से आने वाले सिद्दरमैया को कांग्रेस-जदएस की गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री बनने का अवसर नहीं दिया गया था। दिलचस्प है कि इस क्षेत्र में लिंगायत भी बड़ी संख्या में हैं, लेकिन दोनों मुख्य पार्टियों के एजेंडे में यह समुदाय कहीं नहीं है।