विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हर्षव‌र्द्धन विजयी, गोयल परास्त

By Edited By:
Published: Mon, 21 Oct 2013 04:45 PM (IST)Updated: Mon, 21 Oct 2013 10:17 PM (IST)

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने डॉ. हर्षव‌र्द्धन को चेहरा बनाकर आगे बढ़ने का अंतिम फैसला ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने डॉ. हर्षव‌र्द्धन को चेहरा बनाकर आगे बढ़ने का अंतिम फैसला कर लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल को उनकी हदें दिखाते हुए पार्टी ने ठंडा कर दिया है। अब हर्षव‌र्द्धन के नाम की औपचारिक घोषणा अगले कुछ दिनों में हो जाएगी। अब तक भाजपा को आंखे दिखा रहे गोयल भी नेतृत्व के सख्त रुख को देखने के बाद ठंडे पड़ गए हैं और चाहे-अनचाहे उन्होंने स्वीकार कर लिया कि वह किसी पद की रेस में नहीं हैं।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा में अब कोई संशय नहीं है। यह तय हो गया है कि देर से ही सही चेहरे के साथ ही चुनावी मैदान में उतरा जाए। खासतौर पर तब जबकि कांग्रेस के साथ साथ आम आदमी पार्टी के सामने भी एक चेहरा तय है। हर्षव‌र्द्धन के साथ-साथ गोयल को उच्चस्थ स्तर से इसकी जानकारी दी जा चुकी है। हर्षव‌र्द्धन को 'शुभकामना और काम पर डटने' को कहा जा चुका है तो गोयल को ताकीद कर दी गई है कि वह कोई गलत कदम न उठाएं। बल्कि पूरी ताकत और एकजुटता के साथ पार्टी के लिए काम करें।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में कभी नारेबाजी तो कभी सर्वे का हवाला देकर गोयल मुख्यमंत्री उम्मीदवार की घोषणा को टालने में लगे थे। अब यह तय हो गया है कि कमान गोयल के हाथ नहीं होगी। चुनाव से लेकर टिकट वितरण तक में उनकी भूमिका सीमित होगी। घोषणा यूं तो रविवार को ही हो जानी थी, लेकिन इससे पहले पार्टी गोयल को पूरी तरह लाइन पर लाना चाहती थी। बताते हैं कि रविवार की देर रात गोयल को संगठन महामंत्री रामलाल ने स्पष्ट शब्दों में हर पहलू समझा दिया था। सोमवार की सुबह गोयल ने पत्रकार वार्ता की घोषणा की तो उन्हें फिर से समझा दिया गया कि कोई गलत बयान न करें। इसी का असर था कि सवाल जवाब में गोयल ने कहा कि वह किसी पद की रेस में नहीं है। जो भी फैसला करना है वह संसदीय बोर्ड करेगा। इतना ही नहीं, गोयल ने सफाई भी दी कि पिछले आठ महीनों में उन्होंने कभी भी अपना या किसी और का नाम आगे नहीं बढ़ाया है। पार्टी का फैसला अंतिम है।

पढें: विजय गोयल पर लटकी तलवार

बड़े नेताओं को दरकिनार कर चलते रहे गोयल अब सामूहिक नेतृत्व के साथ चलने की भी बात करने लगे। हालांकि हर्षव‌र्द्धन का नाम तय होने को गोयल स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। हर्षव‌र्द्धन के नाम की घोषणा के बाद भी इसी जोश से काम करने के एक सवाल पर उन्होंने कहा कि 'इस तरह के किसी भी सवाल का जवाब अभी नहीं दे सकता हूं।' माना जा रहा है कि इस महीने के अंत में संभवत: 31 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के लिए चुनाव समिति की बैठक होगी। उससे पहले ही हर्षव‌र्द्धन के नाम का एलान हो जाएगा।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर