साथी डॉक्टर ने कराया था महिला डॉक्टर पर एसिड अटैक
पुलिस को गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि एक सरकारी अस्पताल डाक्टर ने तेजाब फेंकने की सुपारी दी थी। रूस में आरोपी डाक्टर, महिला डाक्टर के साथ ही पढ़ती थी। आरोपी ने शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद यह योजना बनाई थी।
नई दिल्ली। राजौरी गार्डन इलाके में महिला डॉक्टर पर तेजाब फेंकने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस को गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि एक सरकारी अस्पताल के डाक्टर ने ही महिला डाक्टर पर तेजाब फेंकने की सुपारी दी थी। रूस में आरोपी डाक्टर, महिला डाक्टर के साथ ही पढ़ता था। आरोपी ने शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद यह योजना बनाई थी।
इससे पहले तेजाब हमले में शामिल चार युवकों को पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार करने दावा किया था। इनमें से एक का नाम अशोक यादव बताया गया है। आरोपियों को पश्चिमी दिल्ली के मादीपुर इलाके से पकड़ा गया है। चारों से पूछताछ की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार (23 दिसंबर) सुबह हरि नगर स्थित घर से स्कूटी पर ईएसआइ अस्पताल जाते समय डा. अमृत कौर (30) पर राजौरी गार्डन में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने तेजाब फेंक दिया था। वारदात के दौरान हमलावर उनका बैग भी झपट ले गए थे। बैग में ही मोबाइल फोन भी था। तेजाब से अमृत कौर का चेहरा, गला तथा आंख बुरी तरह झुलस गए थे। उनका एम्स में इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार पीड़ित की हालत में पहले से सुधार है। मगर उनकी आंखों की रोशनी के बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। एक-दो दिन में पता चल पाएगा कि आंखों की रोशनी ठीक हो पाएगी या नहीं।
पश्चिमी दिल्ली में मिला पीड़ित का बैग
पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला डॉक्टर से लूटा गया बैग पश्चिमी दिल्ली इलाके से बरामद हुआ है। वहीं, उनके फोन की अंतिम लोकेशन यमुनापार इलाके में आई थी। इससे पुलिस मान रही है कि वारदात के बाद मोटरसाइकिल सवार युवकों ने बैग झपटने के बाद फोन स्विच ऑफ कर दिया था। बैग सड़क पर फेंकने के बाद ही फोन को उसको यमुनापार इलाके में जाकर ऑन किया गया है। पुलिस फोन की लोकेशन के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी थी।