गुड़गांव एसिड अटैक मामले में तीन युवक गिरफ्तार
पालम विहार इलाके की धर्म कॉलोनी में एक महिला और उसकी बेटी पर हुए तेजाब हमला मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। इस सिलसिले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
गुड़गांव। पालम विहार इलाके की धर्म कॉलोनी में एक महिला और उसकी बेटी पर हुए तेजाब हमला मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। इस सिलसिले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि तेजाब हमला मामले में राजा, आजाद और आरिफ को गिरफ्तार किया गया। बिहार के मुजफ्फरपुर का निवासी राजा और उप्र के शामली जिले का आजाद धर्म कॉलोनी में ही रहते हैं जबकि आजाद उप्र के बिजनौर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, राजा के कहने पर आजाद ने हमला किया। दोनों को एक-दूसरे से आरिफ ने मिलवाया था। इसके लिए 30 हजार रुपये में सौदा किया गया और दो हजार रुपये एडवांस दिए गए। शेष रकम 20-21 दिसंबर तक देने का वादा किया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दावा किया कि पीडि़ता को वे पहले से जानते हैं। राजा ने यह हमला महिला द्वारा प्रेम प्रस्ताव को ठुकराने का बदला लेने के लिए करवाया।
गौरतलब है कि पीडि़ता मूलरूप से उत्तराखंड के गढ़वाल निवासी है। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे किसी ने उनके घर की डोर बेल बजाई। जब वह दरवाजा खोलने गईं तो देखा कि एक युवक बाइक पर खड़ा है। उसने अपने मुंह को सफेद रंग के गमछे से ढका हुआ था। युवक ने कहा कि वह प्लंबर है, उसे किसी ने बुलाया है। इस पर महिला ने कहा कि उन्होंने किसी को नहीं बुलाया है। इसके बाद युवक वहां से चला गया।
करीब आधे घंटे बाद वह दोबारा आया। उसने इसी घर पर आकर महिला से कहा कि उसे राजपाल ने बुलाया है। वह अपने मोबाइल पर नंबर दिखाने लगा कि इस नंबर उसे उसके पास फोन आया है। इस पर महिला ने कहा कि यहां पर कोई राजपाल नहीं रहता।
इसी दौरान युवक ने अपने पास से एक शीशी निकाली और उसमें मौजूद तेजाब महिला पर फेंक दिया। तेजाब महिला के मुंह पर गिरा, वहीं पर उनकी ढाई साल की बच्ची भी खड़ी थी। उस पर भी तेजाब गिरा। महिला के चिल्लाने पर युवक बाइक लेकर वहां से फरार हो गया।
घर के अंदर से आई महिला की बहन व अन्य परिजनों ने दोनों को 30 फीसद व पांच फीसद जली अवस्थ में पालम दिल्ली के सफदरजंग में रेफर कर दिया गया। यहां से उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
पढ़ें : एसिड अटैक का विरोध करने वालों पर पुलिस ने भांजी लाठियां, हिरासत में लिया