विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दाऊद के इशारे पर खेला गया स्पॉट फिक्सिंग का ये खेल!

By Edited By:
Published: Fri, 17 May 2013 01:05 PM (IST)Updated: Fri, 17 May 2013 02:57 PM (IST)

आइपीएल में स्पॉट फिक्सिंग का मामला अब अंडरव‌र्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़ गया है। खबर है कि इस सारे ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई/नई दिल्ली। आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग का मामला अब अंडरव‌र्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़ गया है। खबर है कि इस सारे 'खेल' के पीछे दाऊद के एक करीबी सहयोगी सुनील रामचंदानी उर्फ सुनील दुबई का हाथ है, जो दुबई से रैकेट को संचालित करता है। सट्टेबाजों के बीच वह 'जुपिटर' नाम से जाना जाता है। उसके कई राजनीतिज्ञों, बिल्डिरों और पुलिस अधिकारियों से संबंध हैं।

पढ़ें: श्रीसंत ने कबूला जुर्म, स्पॉट फिक्सिंग मामले की लाइव अपडेट

पढ़ें: कानून में जुर्म ही नहीं है फिक्सिंग

एक अंग्रेजी समाचार पत्र ने दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के हवाले से बताया है कि स्पॉट फिक्सिंग में हवाला के जरिये जिस तरह से पैसे का लेन-देन हुआ है वह साफ इशारा करता है कि इसके पीछे डी-कंपनी का हाथ है। अधिकारी ने कहा कि हाल के दिनों में सट्टेबाजी गिरोहों से 'डब्बा फोन' (वह फोन जिस पर दुबई से सट्टेबाजी का रेट लिया जाता है) की जब्ती में वृद्धि से इस बात की पुष्टि होती है कि हजारों करोड़ के इस फिक्सिंग उद्योग पर दाऊद के आदमी का नियंत्रण है।

पढ़ें: खिलाड़ियों को बुकी लड़कियां भी करते थे सप्लाई

स्पेशल सेल के सूत्र ने कहा है कि एक टीम सट्टेबाजों के दाऊद से संबंधों की जांच कर रही है। हम लोग इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि सट्टेबाजों के सरगना द्वारा उपयोग किया गया नंबर वास्तव में दुबई से आया था, या कहीं और से। सूत्र ने कहा कि इस प्रकरण की जांच के तार कराची, दुबई, जयपुर, कोलकाता और अहमदाबाद से जुड़ रहे हैं।

इससे पहले दिल्ली पुलिस आयुक्त नीरज कुमार ने कहा कि आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में मुंबई अंडरव‌र्ल्ड शामिल है। हालांकि उन्होंने इसके दुबई-कराची कनेक्शन के बारे में विस्तार से कुछ भी नहीं बताया था। उन्होंने बस इतना कहा था कि इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता विदेश में बैठे हैं और वे मुंबई अंडरव‌र्ल्ड से जुड़े हुए हैं।

रिपोर्ट में सुनील दुबई के बारे में कहा गया है कि अपना ठिकाना दुबई ले जाने से करीब 20 साल पहले उसने मुंबई में अपने ऑपरेशन की शुरुआत की थी। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि कुछ साल पहले तक वह दुबई और मुंबई के बीच समन्वय के लिए खुद आता-जाता था। हाल में सट्टेबाजी में सुनील का नाम आने के बाद पुलिस ने इसके खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी किया। उसने दुबई से ही मुंबई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की, जो पिछले महीने खारिज हो गई थी।

सुनील दुबई के बारे में कहा जा रहा है कि 10 साल पहले छोटा राजन गिरोह द्वारा दाऊद के खास आदमी शरद शेट्टी को मार गिराने के बाद उसने डी कंपनी के सट्टेबाजी के धंधे को संभाला। माना जा रहा है कि सुनील का परिवार लंदन में रहता है जिनसे मिलने वह बराबर वहां जाता है। वह कराची भी बराबर जाता है, जहां दाऊद और उसका दाहिना हाथ छोटा शकील रहता है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि सुनील ने अपना 500 करोड़ रुपये का कारोबार मुंबई, दिल्ली, दुबई और कराची तक फैला लिया है।

सूत्रों ने कहा कि मुंबई के कई सट्टेबाज इससे अपनी निष्ठा रखते हैं। वह सट्टेबाजी की दर तय करता है और सभी उसका पालन करते हैं। क्रिकेट में फिक्सिंग उसकी इजाजत के बगैर नहीं हो सकती है।

गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुरुवार को आइपीएल में राजस्थान रॉयल्स टीम के तीन खिलाड़ियों एस श्रीसंत, अजीत चंदीला और अंकित चव्हाण के साथ-साथ 11 सटोरियों को स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।