यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Cyrus Mistry Died: ब्लैक स्पाट पर हादसे का शिकार हुए सायरस मिस्त्री, कई लोगों की हो चुकी इसी जगह मौत
जिस जगह सायरस मिस्त्री हादसे का शिकार हुए हैं वहां पर अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। यहां कई लोगों की मौत ...और पढ़ें

मुंबई, जेएनएन। टाटा संस के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री जिस जगह हादसे का शिकार हुए, वह एक ब्लैक स्पाट है और वहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यातायात विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूर्या नदी पर बने पुल पर हाईवे की तीन लेन संकरी होकर दो लेन हो गई है। इस जगह दुर्घटनाओं में कई लोग मारे गए हैं या गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कुछ मामलों में लोगों को अपना अंग खोना पड़ा और वे स्थायी रूप से बिस्तर पर पड़े हैं।
पहले भी हो चुके कई हादसे
एक यातायात पुलिस अधिकारी ने कहा, इस स्थान पर कई मोटर चालक अक्सर संतुलन खो देते हैं। वे पुल से फिसल जाते हैं और नदी में गिर जाते हैं। अगर कोई तेज रफ्तार ट्रक या अन्य वाहन पुल के ठीक आगे कार को ओवरटेक कर लेता है, तो कार बाई ओर मुड़ जाएगी। ऐसे में बोनट डिवाइडर से टकराएगा, जिससे घातक दुर्घटना हो सकती है। अधिकारी ने कहा, जिस कार से मिस्त्री यात्रा कर रहे थे, उसके बोनट का बायां हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है, क्योंकि यह पुल पर डिवाइडर से टकराई थी।
दुर्घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरा नहीं
हादसे की सूचना मिलने के बाद पालघर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और चिकित्साकर्मी मौके पर पहुंचे। हाईवे पर दुर्घटनास्थल के पास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के बावजूद मोटर चालकों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए कोई साइन बोर्ड नहीं है।
डिवाइडर से टकरा गई थी कार
बता दें कि रविवार को मिस्त्री अपनी मर्सिडीज कार से अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे। दोपहर बाद लगभग 3.15 बजे सूर्या नदी पर बने पुल से गुजरते समय उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में मिस्त्री और जहांगीर पंडोले का मौके पर ही निधन हो गया। उनके साथ कार में सवार अनाहिता पंडोले और उनके पति दरीयस पंडोले घायल हो गए। उन्हें वापी (गुजरात) के रेनबो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अनाहिता पंडोले मुंबई की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। कार वही चला रही थीं।
