यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 12, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीमा पर शांति के लिए बनी सहमति, दोनों पक्ष फोन-ई-मेल से रखेंगे संवाद
भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर पूर्ण शांति कायम रखने को लेकर सहमति बन गई है। इसके लिए दोनों ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली । भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर पूर्ण शांति कायम रखने को लेकर सहमति बन गई है। इसके लिए दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बल फोन और ई-मेल के जरिये नियमित रूप से संपर्क में रहेंगे। साथ ही दोनों बलों के बीच खेल-कूद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी तेज किया जाएगा। हालांकि चार दिन चली इस बातचीत के दौरान सीमा पर पाकिस्तान की ओर से लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन भी होता रहा।
यहां चल रही सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पाकिस्तान रेंजर्स के महानिदेशक के स्तर की बातचीत के बाद दोनों देश इस प्रगति को लेकर काफी उत्साहित दिखे। दोनों पक्षों ने बातचीत का साझा रिकार्ड तैयार कर उस पर दस्तखत भी किए। इसमें तय किया गया है कि दोनों देश सीमापार से होने वाली फायरिंग को तुरंत बंद कर देंगे। संघर्ष विराम का दोनों ओर से आदर किया जाएगा। इस बैठक के दौरान सीमापार से होने वाली घुसपैठ को लेकर भारत ने गंभीर चिंता जताई थी। अब तय किया गया है कि दोनों बलों के बीच नियमित संवाद कायम रखा जाएगा। दोनों पक्ष टेलीफोन और ई-मेल के जरिये संपर्क में रहेंगे ताकि सीमा के निकट के इलाकों में रहने वाले नागरिकों की जान-माल को कोई खतरा नहीं पहुंचे।
इसके साथ ही दोनों देशों ने आपसी विश्वास बढ़ाने वाले कई उपायों पर भी दस्तखत किए। इसके तहत न सिर्फ दोनों बल साझा पेट्रोलिंग की व्यवस्था करेंगे, बल्कि विभिन्न खेल-कूद आयोजनों में एक-दूसरे के यहां अपनी टीमें भेजेंगे। बीएसएफ महानिदेशक डीके पाठक और पाकिस्तान रेंजर्स के महानिदेशक मेजर जनरल उमर फारूक बुर्की की अध्यक्षता में हुई बैठक में सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए भी दल भेजे जाने का फैसला हुआ। इस दौरान तय किया गया कि अगली बैठक अगले वर्ष पाकिस्तान में होगी।
हाल में हुए गुरदासपुर और ऊधमपुर आतंकवादी वारदातों के बाद से दोनों देशों की बीच बातचीत की प्रक्रिया काफी प्रभावित हुई है। इससे पहले दोनों देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच होने वाली बातचीत अंतिम समय में टल गई थी। इस बातचीत के दौरान भी पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन होता रहा।
