यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मदनी के हमले से कांग्रेस बचाव की मुद्रा में
लखनऊ [जागरण ब्यूरो]। जमीयत उलेमा-ए-हिन्द के जनरल सेक्रेटरी मौलाना महमूद मदनी द्वारा कांग्रेस पर लगाए गए ताजा इलजाम ने जहां ...और पढ़ें

लखनऊ [जागरण ब्यूरो]। जमीयत उलेमा-ए-हिन्द के जनरल सेक्रेटरी मौलाना महमूद मदनी द्वारा कांग्रेस पर
लगाए गए ताजा इलजाम ने जहां कांग्रेस को बचाव की मुद्रा में ला दिया है वहीं अन्य मुस्लिम धार्मिक विद्वान भी यह मान रहे हैं कि भावनाओं में बहकर नहीं बल्कि अब मुसलमान तरक्की और अन्य बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखकर वोट करेगा। भाजपा ने मदनी के बयान को लपकते हुए दावा किया कि मुसलमानों को वोट बैंक समझने के उसके आरोप अब सभी को समझ आने लगे हैं।
राज्य सभा के सदस्य रहे महमूद मदनी के आरोप से तिलमायी कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय प्रवक्ता मीम अफजल ने आरोप लगाया है कि मौलाना महमूद मदनी हिन्दुस्तान के मुसलमानों की तौहीन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान का मुसलमान न तो मोदी से डरा है और न डरेगा। उन्होंने कहा कि आखिर मौलाना को मोदी में कौन सी खूबी नजर आ गयी है जिसके चलते वह मोदी के प्रति नरम रवैया अख्तियार कर रहे हैं।
उधर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य और ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने जो कहा वह गौर करने लायक है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी राजनीतिक दल की बात नहीं कर रहे हैं लेकिन वह यह मानते हैं कि जो भी पार्टी नरेन्द्र मोदी का हौवा खड़ा कर मुसलमानों का वोट हासिल करना चाहते हैं उन्हें मायूस होना पड़ेगा। देश और प्रदेश में युवा मतदाताओं की तादाद आज 60 से 65 फीसदी है और यही अनुपात मुसलमानों का भी है। जागरूकता बढ़ी है और शिक्षा का स्तर भी सुधरा है और ऐसे में हवा का रुख मोड़ने में सक्षम मुसलमान नौजवान अब उसकी तरफ मुड़ेगा जो तरक्की के बारे में कोई विजन लेकर सामने आएगा।
भाजपा ने कांग्रेस की बेचैनी को कुरेदते हुए कहा कि वह जो कहती आयी वही अब सामने आ रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस का झूठ अब बेनकाब हो रहा है और कांग्रेस सेक्यूलरिज्म के नाम पर मुसलमानों को बेवकूफ बनाती आयी है लेकिन अब सब लोग हकीकत समझने लगे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर