यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 25, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कांग्रेसी नेता हो रहे हैं मोदी के मुरीद
लोकसभा चुनाव में देश में बड़ी दुर्गति झेलने वाली कांग्रेस के नेता ही भाजपा के नरेंद्र मोदी के मुरीद हो ...और पढ़ें

लखनऊ। लोकसभा चुनाव में देश में बड़ी दुर्गति झेलने वाली कांग्रेस के नेता ही भाजपा के नरेंद्र मोदी के मुरीद हो रहे हैं। गाजियाबाद में शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने आई लखनऊ से कांग्रेस की प्रत्याशी रहीं रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि कांग्रेस को भी मोदी से अपने काम की मार्केटिंग का तरीका सीखना चाहिए।
रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि मोदी ने जिस तरह से गुजरात की मार्केटिंग की उस तरह से कांग्रेस पार्टी अपने अच्छे कामों का प्रचार नहीं कर पाई। इसके कारण पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा है। लोगों ने जिस आकांक्षा से मोदी को प्रधानमंत्री बनाया है। मोदी को उसे पूरा करना चाहिए। मोदी यदि जनता से किए वायदे को पूरा नहीं करेंगे तो यही जनता उन्हें सबक भी जरूर सिखाएगी।
रीता बहुगुणा ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में मिली हार से कार्यकर्ता मायूस हुए हैं, लेकिन जल्द ही यह मायूसी दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ता प्रियंका गांधी को फ्रंट पर लाने के पक्ष में हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कार्यकर्ताओं की पसंद प्रियंका गांधी हैं। कार्यकर्ता चाहते हैं कि प्रियंका पार्टी की कमान संभाले, लेकिन यह प्रियंका गांधी पर निर्भर है कि वह कब और क्या निर्णय लेतीं है।
