विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राहुल ने भी बुंदेलखंड में चला पैकेज कार्ड

By Edited By:
Published: Wed, 30 Oct 2013 02:13 PM (IST)Updated: Thu, 31 Oct 2013 01:14 AM (IST)

उत्तर प्रदेश से जुड़े बुंदेलखंड के इलाके में बुधवार को एक बार फिर पैकेज की चर्चा हुई। इस बार कांग्रेस ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण न्यूज नेटवर्क, हमीरपुर। उत्तर प्रदेश से जुड़े बुंदेलखंड के इलाके में बुधवार को एक बार फिर पैकेज की चर्चा हुई। इस बार कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने राठ में आयोजित जनसभा में तीन हजार करोड़ रुपये के पैकेज को खुर्द-बुर्द करने का आरोप उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार के मत्थे मढ़ा।

राहुल के आईएसआई से संबंध का दावा किसने किया?

राहुल ने कहा, केंद्र ने जो मदद भेजी-वह लोगों को लाभ पहुंचाए बगैर गायब हो गई। इस प्रकार से राहुल ने 25 अक्टूबर को झांसी में लगाए नरेंद्र मोदी के आरोप को पुष्ट करते हुए आगे बढ़ाया है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मोदी ने कहा था कि पैकेज को कांग्रेस के नेता और उप्र की सरकार ने बांट लिया। इसलिए अब पैकेज को भूलो, इन दलों के नेताओं की पैकिंग की तैयारी करो।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने देवरिया जिले के सलेमपुर में भी सभा को संबोधित किया। वहां पर गन्ना किसानों और युवाओं को अपने लिए खास घोषणा की उम्मीद थी लेकिन उन्हें निराशा हुई। बुंदेलखंड की धरती पर पांच दिन बाद पहुंचे राहुल के निशाने पर उत्तर प्रदेश सरकार रही। उन्होंने इलाके के पिछड़ेपन के लिए अखिलेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कहा, विकास के मोर्चे पर प्रदेश सरकार असफल रही है। पिछले 25 वर्षो में सपा और बसपा की सरकारों ने प्रदेश को पिछड़ेपन की खाई में ढकेला है। उन्होंने सपनों को पूरा करने के लिए कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया।

राहुल ने कहा, केंद्र की कांग्रेस सरकार विकास कार्यो के लिए हजारों करोड़ रुपये देती है लेकिन वह जरूरत वाले इलाकों तक पहुंच ही नहीं पाता। जब आप कांग्रेस की सरकार बनवा देंगे, तब उत्तर प्रदेश भी राजस्थान, केरल, महाराष्ट्र और अन्य कांग्रेस शासित राज्यों की तरह विकास की दौड़ में शामिल हो जाएगा। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केंद्र की कल्याणकारी नीतियों का राजनीतिक कारणों से लोगों को लाभ नहीं दिलवा रही है। इस सिलसिले में उन्होंने खाद्य सुरक्षा कानून लागू करने में हीवाहवाली किए जाने का उदाहरण दिया। कहा, प्रदेश सरकार इस कानून को लोकसभा चुनाव से पहले लागू नहीं करना चाहती है। राहुल ने कहा, देश में कोई भूखा न रहे, इसके लिए कांग्रेस ने खाद्य सुरक्षा कानून बनाया तो भाजपा समेत विपक्षी दलों ने इसे बेकार बताया। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री से लोगों को तमाम आशाएं थीं लेकिन क्या वे पूरी हुईं ? बुंदेलखंड की आवाज दिल्ली तो पहुंच गई लेकिन लखनऊ नहीं पहुंच पाई, नतीजा यह है कि धन मिलने के बावजूद इलाका पिछड़ा हुआ है।

हमने दरवाजे खोले-हमीं पर आरोप

विपक्ष के भ्रष्टाचार के आरोप पर राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें सूचना का अधिकार दिया। इसी अधिकार का इस्तेमाल करके लोग अधिकारियों के भ्रष्टाचार के बारे में जानने लगे। हमने बंद दरवाजे को खोला-कांग्रेस ने यह क्रांति की। अब हम पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर