यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 24, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोदी मंत्र पर भाजपा का मिशन कश्मीर
जम्मू-कश्मीर में भाजपा इस दफा अनुच्छेद-370 नहीं बल्कि मोदी मंत्र के सहारे चुनाव में उतरने जा रही है। केंद्र की सत्ता में 'सबका साथ, सबका विकास' के नारे के साथ पहुंची भाजपा इसी थीम पर चुनाव लड़कर वहां सीधे सत्ता की लड़ाई में पहुंचने की तैयारी में है। अब तक 370 हटाओ के नारे पर लड़ती रही भाजपा इस बार पूर

नई दिल्ली [राजकिशोर]। जम्मू-कश्मीर में भाजपा इस दफा अनुच्छेद-370 नहीं बल्कि मोदी मंत्र के सहारे चुनाव में उतरने जा रही है। केंद्र की सत्ता में 'सबका साथ, सबका विकास' के नारे के साथ पहुंची भाजपा इसी थीम पर चुनाव लड़कर वहां सीधे सत्ता की लड़ाई में पहुंचने की तैयारी में है। अब तक 370 हटाओ के नारे पर लड़ती रही भाजपा इस बार पूरे राज्य के मुद्दों और सीटों पर चुनाव लड़ने का खाका तैयार कर रही है। दीर्घकालिक रणनीति के तहत संघ और भाजपा की कोशिश कश्मीर विवाद के पटाक्षेप की है, जिसके लिए वह जम्मू-कश्मीर दोनों ही संभागों से जनमत जुटाने के लिए चुनावी रणनीति में बड़े बदलाव को तैयार है।
इसके लिए संघ-भाजपा के रणनीतिकारों ने अब तक कश्मीर घाटी में अपने खिलाफ ध्रुवीकरण का सबब बन रहे 370 के मुद्दे पर ज्यादा आक्रामक न होने का मन बनाया है। हालांकि, राज्य में हिंदू शरणार्थी आबादी के अधिकारों पर भाजपा उतनी ही आक्रामक रहेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि 370 लागू होने से जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाए। सोमवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जम्मू जा रहे हैं, वह शरणार्थियों और कश्मीरी पंडितों को न्याय दिलाने पर ही ज्यादा फोकस करेंगे।
अब्दुल्ला, मुफ्ती से नाराजगी
जम्मू-कश्मीर में अपनी चुनावी मिशन में भाजपा ने कई बड़े रणनीतिक बदलाव किए हैं। अब तक भाजपा जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रमुख रूप से अनुच्छेद 370 को ही मुद्दा बनाती रही है। पूरा चुनाव मूलत: जम्मू बनाम कश्मीर संभाग होता रहा है। अब नई राजनीतिक परिस्थितियों में जबकि घाटी के दो प्रमुख सियासी ताकतें अब्दुल्ला व मुफ्ती परिवार से स्थानीय लोगों का मोह भंग हुआ है तो भाजपा वहां विकल्प के रूप में अपने आपको स्थापित करने की कोशिश में है।
संघ और भाजपा के नेताओं ने जम्मू-कश्मीर के कई दौरे किए और निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि दोनों खानदानों के खिलाफ घाटी में असंतोष बहुत ज्यादा है। वे भी मुख्य धारा में आने के लिए भाजपा के साथ आ सकते हैं। वैसे तथ्य यह भी है कि शरणार्थियों का वोट और सैनिकों का वोट होने से भी भाजपा को फायदे की आस है। नई रणनीति के पीछे आकलन है कि 370 का मुद्दा उठाते ही घाटी पूरी तरह से एकजुट हो जाती है। कोशिश यह है कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में भाजपा अपने प्रति भरोसे का माहौल बनाए। खासतौर से तब जबकि कांग्रेस, पीडीपी और एनसी सब अलग-अलग लड़ रहे हैं। लोकसभा के नतीजों के बाद भाजपा राच्य में अपने जन्म के बाद सबसे ताकतवर रूप में उभरी है तो उसने लंबी रणनीति के तहत अपने मूल मुद्दे पर बयानबाजी में नरमी दिखाने का फैसला किया। हालांकि, संघ-भाजपा के सूत्र स्पष्ट करते हैं कि इसका यह मतलब कतई नहीं कि जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के इस मुद्दे पर पार्टी कोई समझौता करने जा रही है। वास्तव में 370 की वजह से जम्मू वालों के साथ जो भेदभाव हुआ या शरणार्थियों का हक मारा गया उन पर पार्टी पूरी तरह से मुखर और प्रखर रहेगी। वास्तव में नारेबाजी से हटकर पार्टी एजेंडे को जमीन पर उतारने के लिए आगे बढ़ाएगी। मसलन 1947 और 1965 में विभाजन में अलग-अलग जत्थों में शरणार्थी जब आए तो उनको भारतीय नागरिकों के हक नहीं मिल पाए। खेत-खलिहान और संपत्ति जो गई, उसका मुआवजा भी न्यायोचित तरीके से नहीं मिला, वह सब आक्रामक रूप से पार्टी के एजेंडे में होगा।
मिशन 44 का गणित
इधर, भाजपा के जम्मू-कश्मीर के प्रभारी महासचिव जो कि खांटी संघ पृष्ठभूमि के हैं, उनकी जम्मू और घाटी की तमाम ताकतों के साथ चर्चाएं लगातार जारी हैं। नड्डा की मुलाकात पैंथर्स पार्टी के भीम सिंह के साथ-साथ पीपुल्स कांफ्रेंस के सच्जा लोन से कई बार हो चुकी है। इसके अलावा नेशनल कांफ्रेंस के सांसद मुहम्मद शफी भट्ट की पुत्री हिना शफी पहले ही भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। ध्यान रहे कि राच्य की 87 में से 46 सीट कश्मीर संभाग में हैं। 37 सीटें जम्मू संभाग और चार लद्दाख में है। वैसे आंकड़ों के लिहाज से देखें तो 21 सीटें हिंदू और दो बौद्ध धर्मावलंबियों के बहुमत वाली हैं। बाकी 64 सीटें मुस्लिम बहुल हैं। ऐसे में त्रिकोणीय मुकाबला और खुद के खिलाफ ध्रुवीकृत न होने देना ही भाजपा की मुख्य रणनीति है। इसीलिए, सोची-समझी रणनीति के तहत 370 पर आगे बढ़कर पार्टी नहीं खेलेगी।