विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मीरा-भायंदर महानगर पालिका चुनाव में भाजपा ने लहराया परचम, 61 सीटें जीतीं

By Ravindra Pratap SingEdited By:
Published: Mon, 21 Aug 2017 06:47 PM (IST)Updated: Mon, 21 Aug 2017 07:18 PM (IST)

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने जनादेश का स्वागत करते हुए कहा कि यह भाजपा के लिए भारी जीत है।

मीरा-भायंदर महानगर पालिका चुनाव में भाजपा ने लहराया परचम, 61 सीटें जीतीं
मीरा-भायंदर महानगर पालिका चुनाव में भाजपा ने लहराया परचम, 61 सीटें जीतीं

राज्य ब्यूरो, मुंबई । मुंबई से सटी मीरा-भायंदर महानगरपालिका के चुनाव में भाजपा ने लगभग दो तिहाई बहुमत जीतकर अपना डंका बजा दिया है। जबकि शिवसेना उससे काफी पीछे रह गई है। 95 सीटों वाली मीरा-भायंदर महानगरपालिका के लिए रविवार को चुनाव हुए थे। चुनाव से पहले शिवसेना और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला बताया जा रहा था। लेकिन आज परिणाम घोषित होने पर 61 सीटें भाजपा के खाते में और 22 सीटें शिवसेना के खाते में गई हैं।

कांग्रेस को 10 एवं निर्दलियों को दो सीटें मिली हैं। इस चुनाव से पहले तक सत्ता में रही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शून्य पर आ गई हैं। राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का भी खाता नहीं खुल सका। 2012 के चुनाव में भी भाजपा 31 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। तब वह 14 सीटोंवाली शिवसेना के साथ मिलकर सत्ता में आ सकती थी। लेकिन 26 सीटें पाई राकांपा ने 19 सीटों वाली कांग्रेस के साथ मिलकर अपना महापौर बना लिया था। इस बार कांग्रेस और राकांपा पहले से ही कमजोर मानी जा रही थीं। मुख्य मुकाबला भाजपा और शिवसेना में ही था। लेकिन शिवसेना अपनी पिछली स्थिति से थोड़ा ही आगे निकल पाई। जबकि भाजपा पहले से लगभग दोगुनी सीटें पाने में कामयाब रही।


राज्य की राजनीति में इसे शिवसेना की एक और बड़ी शिकस्त माना जा रहा है। संभव है कि इसके साथ ही राज्य की सत्ता में साथ-साथ होने के बावजूद शिवसेना-भाजपा में खींचतान और बढ़ेगी। इससे पहले मुंबई महानगरपालिका सहित राज्य के कई और स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा अपने अच्छे प्रदर्शन से शिवसेना को पीछे छोड़ने में कामयाब रही है।

यह भी पढ़ें: इजरायल को अगले साल तक भारत से 1 लाख पर्यटक आने की उम्मीद