विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 28, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्‍ली चुनाव : आज प्रचार के लिए उतरेंगे भाजपा के ये दिग्‍गज

By T empEdited By:
Published: Wed, 28 Jan 2015 09:28 AM (IST)Updated: Wed, 28 Jan 2015 01:46 PM (IST)

मोदी सरकार आज दिल्‍ली के चुनावी दंगल में अपने दिग्‍गज नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए उतार रही है। केंद्रीय ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। मोदी सरकार आज दिल्ली के चुनावी दंगल में अपने दिग्गज नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए उतार रही है। केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, सतपाल महाराज और एक्टर से नेता बने परेश रावल आज दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर चुनाव प्रचार करेंगे। ऐसा लग रहा है कि भाजपा ने अब अपनी पूरी ताकत से दिल्ली के चुनावी दंगल में कूदने का मन बना लिया है।

भाजपा की ओर से अभी तक दिल्ली विधानसभा के लिए किया जा रहा चुनाव प्रचार काफी ठंडा नजर आ रहा था। बड़े चेहरे चुनाव प्रचार से लगभग गायब थे। भाजपा की मुख्यमंत्री पद की दावेदार किरण बेदी हालांकि पूरे जोश के साथ चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। वह कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। अभी तक किरण बेदी कृष्णा नगर में ही प्रचार करती नजर आईं, लेकिन अब वह दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में भी प्रचार करने उतर रही हैं।

किरण बेदी आज पांच विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करेंगी। सुबह 11 बजे किरण गांधीनगर में प्रचार करेंगी। इसके बाद दोपहर 12 वह शाहदरा की जनता से भाजपा के लिए वोट डालने की अपील करेंगी। लगभग दोपहर 4 बजे किरण बेदी करोल बाग में चुनाव प्रचार करने उतरेंगी। इसके बाद वह करोल बाग से सटे पटेल नगर में 5 बजे चुनाव प्रचार करेंगी। किरण बेदी का आज अंतिम पड़ाव राजेंद्र नगर होगा, जहां वह रात 8 बजे प्रचार के लिए पहुंचेंगी।

इसे भी पढ़ें: पीआर बनाने में लगे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: राहुल गांधी

उधर केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी आज दिल्ली में 4 जगह चुनाव प्रचार करेंगी। सुषमा स्वराज शाम पांच बजे संगम विहार में भाजपा के लिए वोट मांगेंगी। शाम 6 बजे देवली, 7 बजे अंबेडकर नगर और रात 8 बजे महरौली में जनता से भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील करेंगी।

वहीं केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी आज दिल्ली में चुनाव प्रचार करती हुई नजर आएंगी। स्मृति ईरानी शाम 5 बजे बवाना, 6 बजे मुंडका, 7 बजे सुल्तानपुर माजरा और रात आठ बजे रिठाला में भाजपा के पक्ष में वोट डालने के लिए वोटरों से अपील करेंगी।

इसे भी पढ़ें: किरण बेदी ने केजरीवाल को भेजा कानूनी नोटिस

एक्टिंग से राजनीति के क्षेत्र में कदम रखने वाले परेश रावल आज भाजपा की उम्मीदवार नुपूर शर्मा के लिए प्रचार करेंगे। नुपूर शर्मा नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को टक्कर देने उतरी हैं। परेश रावल शाम 4 बजे नुपूर शर्मा के लिए प्रचार करने उतरेंगे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी आज दिल्ली विधानसभा चुनावों में ताल ठोंकेंगे। वह शाम 5 बजे बिजवासन और शाम 7 बजे दिल्ली केंट में चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे। वहीं सतपाल महाराज भी आज चुनाव प्रचार के मैदान में कूद रहे हैं। वह दोपहर 3 बजे नांगलोइ और 6 बजे किराड़ी विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करेंगे।

इसे भी पढ़ें: आशीष ने कहा, 'अपनी बात से क्यों मुकर रही हैं बेदी'