यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आप से घबरा गई है भाजपा: मनीष सिसोदिया
दिल्ली में भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाने को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा जहां उपराज्यपाल से न्योता मिलने ...और पढ़ें

नई दिल्ली। दिल्ली में भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाने को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा जहां उपराज्यपाल से न्योता मिलने का इंतजार कर रही है वहीं आप इसके विरोध में है। सरकार के गठन को लेकर संवाददाता ने आप नेता मनीष सिसोदिया से बातचीत की। पेश हैं प्रमुख अंश-
क्या गुप्त मतदान के माध्यम से सदन के नेता का चुनाव हो सकता है?
-संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं किया गया है और यदि उपराज्यपाल इस तरह का कोई रास्ता अपनाते हैं तो यह पूरी तरह अवैधानिक होगा।'
उपराज्यपाल द्वारा भाजपा को सरकार बनाने का न्योता देने का प्रस्ताव कहां तक ठीक है?
-यह सरासर गलत है भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है, वह पहले ही सरकार बनाने से इन्कार कर चुकी है। ऐसे में उसे सरकार बनाने के लिए बुलाना किसी भी प्रकार से उचित नहीं है।'
क्या आपको लगता है कि भाजपा जोड़तोड़ से सरकार बनाना चाहती है?
-आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इसी मुद्दे पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात की है और उनसे आग्रह किया है कि भाजपा को सरकार बनाने का न्योता नहीं देना चाहिए, इससे खरीद-फरोख्त को बढ़ावा मिलेगा।'
क्या आपको लगता है कि भाजपा चुनाव टालना चाहती है?
-निश्चित रूप से। असल में भाजपा को यह डर सता रहा है कि चुनाव होने पर आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से जीतेगी और सरकार बनाएगी और इसीलिए वह तिकड़मबाजी से सरकार बनाना चाहती है।
