विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केंद्र के फैसले के खिलाफ पूरे केरल में बीफ फेस्ट का आयोजन

By Manish NegiEdited By:
Published: Sat, 27 May 2017 06:30 PM (GMT+05:30)

कोल्लम जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीसीसी ऑफिस के सामने बीफ पकाकर केंद्र के फैसले के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

केंद्र के फैसले के खिलाफ पूरे केरल में बीफ फेस्ट का आयोजन
केंद्र के फैसले के खिलाफ पूरे केरल में बीफ फेस्ट का आयोजन

तिरुवनंतपुरम, प्रेट्र। वध के लिए पशु बाजार से मवेशियों की खरीद-बिक्री पर प्रतिबंध संबंधी केंद्र सरकार के फैसले का विरोध करने के लिए शनिवार को केरल के विभिन्न हिस्सों में 'बीफ फेस्ट' (गोमांस भोज) का आयोजन किया गया। यही नहीं, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि वह इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिख रहे हैं।

राज्य में सत्ताधारी माकपा नीत एलडीएफ, विपक्षी कांग्रेस नीत यूडीएफ और उनकी युवा इकाइयों ने मार्च निकाला और प्रदेशभर में इन फेस्ट का आयोजन किया, जहां बीफ सबसे ज्यादा खाया जाता है। कोच्चि में तो राज्य के पर्यटन मंत्री के. सुरेंद्रन ने भी इस फेस्ट में हिस्सा लिया। राज्य की राजधानी में सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। यहां प्रदर्शनकारियों ने बीफ पकाकर सड़क के किनारे लोगों को वितरित किया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे डीवाईएफआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद रियाज ने कहा, 'केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए हम बीफ खाएंगे। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह बताना चाहते हैं।'

कोल्लम जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीसीसी ऑफिस के सामने बीफ पकाकर केंद्र के फैसले के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इडुक्की जिले के थोडुपुझा में प्रदर्शनकारियों ने भैंस का सिर हाथ में लेकर मार्च निकाला। विधानसभा में विरोधी दल के नेता रमेश चेन्नीथला ने त्रिशूर में बताया कि यूडीएफ सोमवार को इस प्रतिबंध के खिलाफ 'काला दिवस' मनाएगा।

केंद्र के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एके एंटनी ने कहा कि केंद्र की अधिसूचना को फाड़कर कूड़ेदान में फेंक देना चाहिए। वहीं, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने कहा कि सरकार को लोगों के खाने की आदत पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार नहीं है। लिहाजा यह प्रतिबंध खत्म किया जाना चाहिए।

नए नियमों से गोवंश के साथ बदसुलूकी बंद होगी : मेनका गांधी

नई दिल्ली, प्रेट्र : केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कहा है कि केंद्र के नए नियमों से गोवंश के साथ बदसुलूकी बंद होगी। उन्होंने कहा, अब तक किसान आठ-नौ पशुओं को ले जाने योग्य वाहन में जबर्दस्ती 80 मवेशियों को भर लेते थे और उन्हें वध के लिए पशु बाजार में ले जाकर बेच देते थे। किसान अस्वस्थ और बीमार पशुओं को भी बाजार ले जाकर बेच देते थे। नए नियमों से ऐसी चीजों पर रोक लगेगी।

यह भी पढ़ें: बीफ के शक में भुवनेश्वर में जब्त किया गया ट्रक, दो हादसों को दे चुका था अंजाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।