जनसंघ के पूर्व अध्यक्ष बलराज मधोक का निधन,पीएम ने जताया शोक
आरएसएस के वरिष्ठ नेता और जनसंघ के संस्थापक रहे बलराज मधोक का निधन हो गया है। बलराज मधोक 96 वर्ष के थे।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय जनसंघ के पूर्व अध्यक्ष और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के दिग्गज नेता बलराज मधोक (96) का सोमवार सुबह करीब नौ बजे निधन हो गया। वह जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से थे, हालांकि उन्हें बाद में निष्कासित कर दिया गया था।
मधोक कुछ समय से बीमार चल रहे थे और एक महीने से एम्स में भर्ती थे।जम्मू-कश्मीर के स्कार्दू इलाके में 25 फरवरी, 1920 को जन्मे मधोक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) के भी संस्थापक सचिव थे। वह 1951 में भारतीय जनसंघ के प्रथम समन्वयक बने और उन्हें राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया। 1966 में उन्हें भारतीय जनसंघ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। उनके ही नेतृत्व में 1967 में जनसंघ ने सबसे बड़ी जीत हासिल करते हुए लोकसभा में 35 सीटें हासिल की थीं।
पढ़ेंः जनिये, जनसंघ के संस्थापक बलराज मधोक के बारे में
1970 में अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी के पार्टी में उभरने से उनकी आभा कम होने लगी थी। 1973 में अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। 1961 में वह एनसीटी दिल्ली और 1967 में दक्षिण दिल्ली से सांसद रहे। वह दिल्ली के पीजीडीएवी कॉलेज में इतिहास के शिक्षक भी रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मधोक के परिवार से मिलकर उनके निधन पर दु:ख प्रकट किया। उन्होंने ट्वीट किया, 'जनसंघ के दिग्गज नेता श्री बलराज मधोक के दुखद निधन पर शोक जताता हूं। बलराज मधोक जी की वैचारिक प्रतिबद्धता मजबूत थी और विचार काफी स्पष्ट थे। वह निस्वार्थ भाव से देश और समाज की सेवा में समर्पित थे। कई मौके पर बलराज मधोक जी से वार्तालाप करने का अवसर मिला। उनका निधन दुखद है। उनके परिवार के प्रति संवेदना। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।' मधोक के करीबी सहयोगी रहे लाल कृष्ण आडवाणी ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें जनसंघ के विचारों और सिद्धांतों के प्रति पूरी तरह समर्पित नेता बताया।