यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मैरिज ब्यूरो प्रबंधक से रेप का प्रयास
जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर दोस्त ने युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब युवती ने विरोध किया तब ...और पढ़ें

नोएडा, संवाददाता। जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर दोस्त ने युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब युवती ने विरोध किया, तब दोस्त ने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। मैरिज ब्यूरो में प्रबंधक के रूप में काम करने वाली युवती किसी तरह फ्लैट से जान व इज्जत बचाकर भागी और रजनीगंधा के पास बदहवास हालत में पुलिस को मिली। कोतवाली सेक्टर-20 की प्रभारी ने युवती को दिल्ली में उसके घर पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नई दिल्ली के लाजपतनगर निवासी 26 वर्षीय युवती मैरिज ब्यूरो में प्रबंधक हैं। शुक्रवार को उसके चार साल पुराने मित्र मिक्की उर्फ रोनी ने अपने दोस्त यश शर्मा के नोएडा स्थित फ्लैट पर जन्मदिन पार्टी में चलने को कहा। जब युवती अपने दोस्त के साथ वहां पहुंची, तब पहले से तीन युवक वहां मौजूद थे।
पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की पत्नी से गैंगरेप
देर रात तक पार्टी चलने के बाद पहले यश व बाद में अन्य दोस्तों ने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब युवती ने विरोध जताया, तब नशे में धुत यश ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान युवती किसी तरह युवकों को चकमा देकर फ्लैट से भाग गई और रजनीगंधा चौराहे पहुंच गई। रात लगभग साढ़े तीन बजे गश्त कर रही कोतवाली सेक्टर-20 की प्रभारी रीता यादव युवती को अपने साथ ले आई। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली स्थित उसके घर पहुंचा दिया। रविवार को पीड़ित युवती थाने पहुंची और पुलिस से इस बाबत शिकायत की। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। युवती को यश के फ्लैट के बारे में नहीं पता है कि कहां है।
दोस्त ने किया दगा: पीड़िता
पीड़िता युवती का कहना है कि दोस्त ने उसके साथ धोखा किया। उसने कहा कि दोस्त पर विश्वास कर वह उसके साथ पार्टी में गई थी। पार्टी में मस्ती करने के बाद उन लोगों ने मेरे साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और मारपीट की। किसी तरह मैंने जान व इज्जत बचाई।
आधे घंटे तक रिक्शे के पीछे छिपी रही युवती
युवती फ्लैट से भाग कर आधे घंटे बाद रजनीगंधा चौराहे पहुंची। वहां पर एक रिक्शे वाले से मदद मांगी तो उसने उसे रिक्शे के पीछे छिपा लिया। इसी दौरान उसका दोस्त अपने साथियों के साथ उसे ढूंढते हुए वहां पहुंच गया, लेकिन रिक्शा चालक ने किसी भी लड़की को देखने से मना कर दिया। इसके बाद जब गश्त करती हुई थानाध्यक्ष वहां पहुंची तब युवती बाहर निकली और उसने पुलिस से मदद मांगी।
घर भी आता था युवक: पीड़िता की मां
पीड़िता की मां ने बताया कि मेरी बेटी का दोस्त बनकर मिक्की घर भी आता था। घर आने के बाद हम लोगों का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने ऐसी ओछी हरकत की। उसे व उसके दोस्तों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
