विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 29, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सब मैडम और उनके बेटे का किया धरा: आसाराम

By Edited By:
Published: Thu, 29 Aug 2013 01:14 PM (IST)Updated: Fri, 30 Aug 2013 08:17 AM (IST)

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। जोधपुर के आश्रम में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने के आरोपों से घिरे आसाराम बापू ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। जोधपुर के आश्रम में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने के आरोपों से घिरे आसाराम बापू ने बगैर नाम लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि 'मैं किसी पार्टी के विरोध में नहीं हूं पर समर्थक मुझे बताते हैं कि यह सब 'मैडम' और उनके 'बेटे' का किया धरा है।' इस बीच जोधपुर के पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा कि अगर शुक्रवार तक आसाराम पूछताछ के लिए नहीं आते हैं तो शनिवार को उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दल भेज दिया जाएगा।

पढ़ें : पीड़िता के पिता ने जताई ब्लैकमेलिंग की आशंका

एक कार्यक्रम में शामिल होने गुरुवार को भोपाल आए आसाराम पत्रकारों से बातचीत के दौरान भड़क गए। उन्होंने कहा कि 'कोई मुझे बचाने की कोशिश नहीं कर रहा है। जो आप पूछ रहे हो, वह गलत है। कोई पार्टी मेरा समर्थन नहीं कर रही है।' बापू को नाराज देख उनके समर्थक मीडिया के विरोध में नारेबाजी करने लगे। मालूम हो कि वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती ने आसाराम का बचाव करते हुए कहा था कि उन्हें फंसाया जा रहा है क्योंकि वह सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ बोलते हैं।

पढ़ें : मुंह बंद नहीं रखा तो जान से धोना पड़ेगा हाथ

दूसरी तरफ, 74 वर्षीय आसाराम के आरोप पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कर्ण सिंह का कहना है कि 'बापू पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज होने की वजह से ही वह इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। कोई बिना सुबूत के ऐसे आरोप कैसे लगा सकता है?'

जोधपुर पुलिस ने आसाराम को पूछताछ के लिए समन जारी किया था। उन्हें 30 अगस्त तक पुलिस के समक्ष पेश होना है। आसाराम ने और समय मांगा था पर पुलिस ने साफ इन्कार कर दिया था। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दे चुके हैं। पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ का कहना है कि 'हम 30 अगस्त तक इंतजार करेंगे। अगर आसाराम पूछताछ के लिए नहीं पेश हुए तो 31 अगस्त को हम एक टीम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए भेज देंगे।'

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर