यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 25, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कांग्रेस के बहरूपियों को लेना पड़ रहा है रात का सहारा: जेटली
जेटली ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र के लिए यह सही नहीं है कि लंबे समय तक आचार संहिता लागू रहे।

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। चुनाव आयोग पर कांग्रेस के हमले को हारी हुई निराश पार्टी की खीझ करार देते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने याद दिलाया कि पहली बार अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के काल में ही यह सहमति बनी थी कि चुनाव आचार संहिता हर किसी के आवश्यक रूप से मान्य होगा। वहीं राहुल गांधी और हार्दिक पटेल की कथित मुलाकात पर तंज करते हुए कहा कि गुजरात में कांग्रेस भी है और कुछ लोग रूप बदलकर भी कांग्रेस के लिए काम करते हैं। शायद इसीलिए रात के अंधेरे का सहारा लेना पड़ा।
गुजरात चुनाव की घोषणा के बाद भी कांग्रेस आयोग को नहीं बख्स रही है। जेटली ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र के लिए यह सही नहीं है कि लंबे समय तक आचार संहिता लागू रहे। कांग्रेस अगर यह चाहती है कि उनके राज्य में आचार संहिता केवल 30 दिन का लगे और भाजपा शासित गुजरात में दोगुना समय तक तो यह और भी अनुचित है। उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव की नतीजा हर किसी को पता है। जनता से कांग्रेस को बहुत पहले ही दिल से निकाल दिया है। इसी हताशा के कारण अतार्किक आरोप लगाए जा रहे हैं।
हार्दिक पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा को इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है कि उनकी राहुल से मुलाकात हुई या नहीं। लेकिन यह सभी जानते हैं कि रात के अंधेरे में केवल स्कैंडल ही होते हैं। ध्यान रहे कि हार्दिक और राहुल की मुलाकात को कांग्रेस और खुद हार्दिक नकार रहे हैं। लेकिन कुछ खबरों के अनुसार होटल के कैमरे में हार्दिक राहुल के कमरे से बाहर आते दिखाई दिए हैं।