विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 16, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शहीद का सिर लाने की कोशिश होगी: सेनाध्यक्ष

By Edited By:
Published: Wed, 16 Jan 2013 08:22 AM (IST)Updated: Wed, 16 Jan 2013 09:43 PM (IST)

मथुरा [जागरण संवाददाता]। आखिर बुधवार को वो दिन आ ही गया जिसके लिए शहीद हेमराज की गमगीन मां मीना देवी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मथुरा [जागरण संवाददाता]। आखिर बुधवार को वो दिन आ ही गया जिसके लिए शहीद हेमराज की गमगीन मां मीना देवी व पत्‍‌नी धर्मवती ने कई दिनों तक खाना नहीं खाया था। सेना प्रमुख जनरल बिक्रम सिंह ने पत्नी के साथ आकर शहीद को सैल्यूट किया। परिजनों को ढांढस बंधाया। कहा कि हेमराज की शहादत का माकूल जवाब देने को सेना तैयार है। हेमराज का सिर लाने की कोशिश होगी। शहीद के परिवार की भरपूर मदद होगी। साथ ही कहा कि भारतीय सैनिक कभी नियंत्रण रेखा पार नहीं करते।

मथुरा जिले के गांव खैरार [शेरनगर] में बुधवार सुबह से ही हलचल थी। आखिर सेना के मुखिया जो आ रहे थे। दोपहर सेनाध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह अपनी पत्‍‌नी बबल्स सिंह के साथ गांव पहुंचे। जनरल ने शहीद के चित्र पर पुष्पगुच्छ अर्पित कर सैल्यूट किया। इसके बाद हेमराज की मां व पत्‍‌नी से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि सेना उनके साथ है। कहा, 'हेमराज के बच्चों की शिक्षा सेना के जिम्मे रहेगी। आपको कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।' जनरल की पत्‍‌नी व आर्मी वाइफ्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष बबल्स सिंह ने भी मीना देवी व धर्मवती को ढांढ़स बंधाया।

मीडिया के समक्ष सेनाध्यक्ष ने कहा, 'हेमराज हमारे परिवार का सदस्य था। उसकी शहादत बेकार नहीं जाएगी। इस शहादत का माकूल जवाब देने को सेना तैयार है।' यहां आने के मकसद के बारे में जनरल ने कहा, 'मुझे जानकारी मिली है कि शहीद के परिजन खाना नहीं खा रहे हैं। मैंने तभी यहां आने का कार्यक्रम बना लिया था। जो देश पर बलिदान हुआ है, उसकी इज्जत व सम्मान करने आया हूं। हम हर जगह तो जा नहीं सकते मगर अन्य वीर नारियों की भी देखभाल सेना करती रहेगी।'

एक सवाल के जवाब में सेना प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तान बार-बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। सेना हर बार उसे जवाब भी दे रही है। पाकिस्तान के इस आरोप कि भारतीय सेना ने एक पाकिस्तानी सैनिक को मारा है, जनरल ने कहा कि भारतीय सेना कभी नियंत्रण रेखा पार नहीं करती। अगर ऐसा हुआ है तो वह पाकिस्तान द्वारा बार-बार की जा रही फायरिंग का नतीजा होगा। पाकिस्तान विदेश मंत्री हिना रब्बानी द्वारा दिए गए बयान [जनरल का बयान भारत-पाक के संबंधों को 20 साल पीछे धकेल देगा] पर जनरल सिंह ने कहा कि इस बयान की कोई जानकारी नहीं है।

प्रिंस को सेना में भर्ती कराऊंगी

मथुरा। सीमा पर शहीद हुए हेमराज की शहादत को सम्मान के बाद सेना के तेवर सख्त हैं तो एक मां के कलेजे में भी कसक है। आर्मी चीफ के समक्ष शहीद सैनिक की मां मीना देवी ने कहा कि वह बेटे प्रिंस को भी सेना में भर्ती कराएंगी। वह अपने पिता की शहादत का बदला जरूर लेगा।

आर्मी चीफ जनरल बिक्रम सिंह से मुलाकात के दौरान हालांकि मीना देवी ने कुछ ज्यादा नहीं कहा लेकिन मां के दिल में बदले की आंधी को उठते देख आर्मी चीफ ने प्रिंस को बेहतर शिक्षा दिलाने एवं आर्मी से संबंधित सभी मदद दिलाने का विश्वास दिलाया। कहा कि अगर आर्मी ज्वाइन करने की इच्छा होगी तो उसमें भी सहयोग मिलेगा। आर्मी के रास्ते उसके लिए खुले हैं। शहीद हेमराज हमारे ही परिवार का बच्चा था।

'ताऊ, अब तो तसल्ली हो गई'

जागरण सवाददाता, मथुरा। 'ताऊ, अब तो तसल्ली हो गई। हां साब, अब दिल भर गया। पेट भर गया।'

देश की सेना के मुखिया खुद चलकर आए और आम लोगों से आत्मीयता से मिलें तो गदगद होना लाजिमी है। सेनाध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह ने शहीद हेमराज को सैल्यूट करने के बाद उसके ताऊ हरीकिशन से कहा- 'ताऊ, हम आ गए, अब तो तसल्ली हो गई।' हरीकिशन ने कहा- 'हां साब, दिल भर गया। पेट भर गया। हम धन्य हो गए।'

अपने लाड़ले को खोने वाले गांव खैरार (शेरनगर) की मिट्टी आज चंदन थी और शहीद स्थल मंदिर। हर आमोखास की जुबान पर शहीद की बहादुरी थी और दिलों में हेमराज की पावन मातृभूमि के लिए प्यार। शहीद के घर पहुंचे सेना प्रमुख ने कहा, 'मैं अपने घर आया हूं, यह मेरा परिवार है।' सेनाध्यक्ष के ये शब्द गमजदा हेमराज की पत्‍‌नी धर्मवती एवं मां मीना देवी को साहस दे रहे थे, तो ग्रामीणों का सीना चौड़ा कर रहे थे।

मालूम हो कि गत आठ जनवरी की सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय क्षेत्र में घुसकर दो भारतीय जवानों लांसनायक हेमराज और सुधाकर सिंह की हत्या कर दी थी और दोनों के सिर काट दिए थे। सेना प्रमुख शुक्रवार को मध्य प्रदेश के सिद्धी जिला स्थित सुधाकर के गांव दधिया भी जाएंगे। उनके साथ रक्षा राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह भी होंगे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।